ट्रॉपिकल साइक्लोन ‘माइला’ का कहर, पापुआ न्यू गिनी में 23 की मौत

मेलबर्न, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। ट्रॉपिकल साइक्लोन ‘माइला’ ने पूर्वी पापुआ न्यू गिनी (पीएनजी) में भयंकर तबाही मचाई, ज‍िसमें 12 और लोगों की मौत हो गई। अध‍िकार‍ियों ने बुधवार को बताया क‍ि इस चक्रवात से अब तक कुल 23 लोगों की मौत हो चुकी है।

पीएनजी के ईस्ट न्यू ब्रिटेन प्रांत के गजेल डिस्ट्रिक्ट के सांसद जेल्टा वोंग ने ‘द नेशनल’ अखबार को बताया कि रविवार को दूरदराज के लामारैन गांव में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) में दबकर दस लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि सभी दस शव निकाल लिए गए हैं।

यह भूस्खलन लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से हुआ, जो इस तेज चक्रवात के कारण हुई। इस चक्रवात ने वीकेंड पर पूर्वी पीएनजी में काफी तबाही मचाई।

मिल्ने बे प्रांत के आपदा समन्वयक रैंडल गनिसी ने बताया कि उनके इलाके में भी दो लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि टीमें द्वीपों पर भेजी गई हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितने लोग बेघर हुए हैं और कितना नुकसान हुआ है।

इससे पहले सोमवार को स्वायत्त बोगेनविल क्षेत्र में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें से आठ लोग भूस्खलन में मारे गए थे।

पीएनजी के सरकारी नेशनल ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन ने मंगलवार को बताया कि बोगेनविल क्षेत्र में भारी तबाही, लोगों के बड़े पैमाने पर विस्थापन और बढ़ते मानवीय संकट को देखते हुए पूरे इलाके में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।

वहीं, सोलोमन द्वीप में तीन लोगों के लापता होने की खबर है। ऑस्ट्रेलिया के मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को सोलोमन सागर में यह चक्रवात कैटेगरी पांच का तूफान बन गया था।

सोलोमन आइलैंड्स ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन ने बताया कि चोइसुल प्रांत में खराब मौसम के कारण तीन लोग लापता हो गए हैं। यह इलाका उत्तर में वेस्टर्न प्रांत के पास है।

रॉयल सोलोमन आइलैंड्स पुलिस फोर्स ने बताया कि उसने वेस्टर्न और चोइसुल प्रांतों में अपने ऑपरेशन सेंटर सक्रिय कर दिए हैं और लोगों से जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।

–आईएएनएस

एवाई/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।