ट्रंप का नया ऐलान, कहा- जर्मनी से ‘और अधिक’ अमेरिकी सैनिकों को वापस बुलाएंगे

Summary :

वाशिंगटन, 3 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका जर्मनी से अपने सैनिकों की संख्या में और अधिक कटौती करने की योजना बना रहा है। उन्होंने बताया कि पेंटागन ने इस हफ़्ते की शुरुआत में कहा था अमेरिका जर्मनी से करीब 5,000 सैनिकों को बुलाने की योजना बना रहा है, लेकिन अब यह संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी राज्य फ्लोरिडा में एयरफोर्स वन में बैठने से पहले ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, “हम सैनिकों की संख्या में काफी कटौती करने जा रहे हैं,…

वाशिंगटन, 3 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका जर्मनी से अपने सैनिकों की संख्या में और अधिक कटौती करने की योजना बना रहा है। उन्होंने बताया कि पेंटागन ने इस हफ़्ते की शुरुआत में कहा था अमेरिका जर्मनी से करीब 5,000 सैनिकों को बुलाने की योजना बना रहा है, लेकिन अब यह संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी राज्य फ्लोरिडा में एयरफोर्स वन में बैठने से पहले ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, “हम सैनिकों की संख्या में काफी कटौती करने जा रहे हैं, और हम 5,000 से कहीं ज़्यादा सैनिकों को वापस बुला रहे हैं।”

इससे पहले, अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि करीब 5,000 अमेरिकी सैनिकों को जर्मनी से वापस बुलाने की योजना है। अमेरिकी मीडिया ने नाम न छापने की शर्त पर बात करने वाले अधिकारी के हवाले से कहा कि ईरान के साथ अमेरिका के युद्ध पर जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ की हालिया टिप्पणियां “अनुचित और मददगार नहीं” थीं।

दरअसल, इस हफ्ते की शुरुआत में मर्ज़ ने ईरान के साथ अमेरिका के सैन्य कदमों की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि अमेरिका बिना योजना के काम कर रहा है और ईरान के नेतृत्व के सामने कमजोर पड़ रहा है। इसके जवाब में, ट्रंप ने जर्मन नेता पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्हें “पता ही नहीं है कि वे किस बारे में बात कर रहे हैं” और वह ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर गंभीर नहीं हैं।

ट्रंप ने बुधवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि जर्मनी में अमेरिकी सैनिकों की संख्या घटाने पर विचार चल रहा है और इस पर फैसला जल्द ही लिया जाएगा। गुरुवार को उन्होंने यह भी कहा कि वह स्पेन और इटली में भी अमेरिकी सैन्य मौजूदगी कम कर सकते हैं।

ट्रंप ने यूरोपीय देशों की आलोचना करते हुए कहा कि इटली ने कोई मदद नहीं की और स्पेन का रवैया भी बहुत खराब रहा, खासकर ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के साथ चल रहे संघर्ष में।

जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल ने गुरुवार को कहा कि जर्मनी अपने देश में अमेरिकी सैनिकों की संख्या में संभावित कटौती के लिए पूरी तरह तैयार है। रक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल के अंत तक जर्मनी में करीब 36,000 अमेरिकी सैनिक तैनात थे। इसके अलावा लगभग 1,500 रिजर्व सैनिक और 11,500 नागरिक कर्मचारी भी वहां मौजूद हैं।

जर्मनी में ही अमेरिकी यूरोपीय कमान और अमेरिकी अफ़्रीका कमान का मुख्यालय भी स्थित है, और रामस्टीन एयर बेस अमेरिकी सैन्य अभियानों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में कार्य करता है।

–आईएएनएस

एएस/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.