बगदाद : इराक के दक्षिण में स्थित दी कार प्रांत के एक अस्पताल में सोमवार को हुई आग की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 58 हो गयी है। स्वास्थ्य विभाग के दो अधिकारियों ने बताया कि नासिरया शहर के अल-हुसैन टीचिंग हॉस्पिटल के कोरोना वायरस वार्ड में आग से 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
इससे पहले अधिकारियों ने कहा था कि बिजली के शार्ट सर्किट के कारण आग लगी लेकिन इस बारे में ब्योरा नहीं दिया। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट से आग लगी। अस्पताल के इस वार्ड को तीन महीने पहले खोला गया था और इसमें 70 बेड की व्यवस्था थी।
आग की घटना के मद्देनजर प्रधानमंत्री मुस्तफा अल कदीमी ने आपात बैठक की अध्यक्षता की और दी कार प्रांत में स्वास्थ्य निदेशक के साथ अस्पताल के निदेशक और शहर के नागरिक रक्षा निदेशक के निलंबन और गिरफ्तारी का आदेश दिया। यह अस्पताल इसी प्रांत में स्थित है। सरकार ने घटना की जांच का भी आदेश दिया है।
इस साल इराक के अस्पताल में आग से कोरोना वायरस के मरीजों की मौत की यह दूसरी घटना है। अप्रैल में बगदाद के इब्न अल खतीब अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक फटने के बाद फैली आग से कम से कम 82 लोगों की मौत हो गयी थी।


Download Android App
Download iOS App



