अमेरिका की एक सीनेट सदस्य ने कहा है कि अगर शीर्ष अधिकारी मानते हैं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने पद के लिए अयोग्य हैं तो यह समय उन्हें हटाने के लिए संवैधानिक शक्तियों के इस्तेमाल करने का है। मैसाचुसेट्स सीनेटर एलिजाबेथ वारेन ने सीएनएन से गुरुवार को कहा, ‘अगर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मानते हैं कि अमेरिका का राष्ट्रपति अपना काम करने में अयोग्य हैं,
तो उन्हें 25वें संशोधन का इस्तेमाल करना चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘जब उपराष्ट्रपति और वरिष्ठ अधिकारी मानते हैं कि राष्ट्रपति अपना काम नहीं कर सकते हैं तो इसके लिए एक संवैधानिक प्रक्रिया दी गई है। यह प्रक्रिया इसलिए नहीं दी गई है कि वरिष्ठ अधिकारी राष्ट्रपति की ताक झांक करें, उनके डेस्क से दस्तावेज उठा लें या अज्ञात बनकर अखबार में लेख लिखें। इन अधिकारियों में से हर किसी ने अमेरिकी संविधान को कायम रखने की शपथ ली है।
यह समय उन्हें अपने काम को अंजाम देने का है।’ वारेन को 2020 में राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के संभावित दावेदारों में माना जा रहा है। उन्होंने यह कड़ी टिप्पणी न्यूयॉर्क टाइम्स लिखे गए एक अज्ञात अधिकारी के लेख पर दी, जिसमें अधिकारी ने ट्रंप को लेकर गंभीर चिंता जताई है, उन्हें अमेरिका के लिए अहितकर बताया है और तर्क दिया है कि राष्ट्रपति को पद से हटाने के लिए 25वें संशोधन के इस्तेमाल पर कुछ शुरुआती बातचीत हुई है। व्हाइट हाउस ने लेख की बेहद कड़े शब्दों में निंदा की है और लेखक को देशद्रोही व कायर बताया।


Download Android App
Download iOS App



