भारत ने गाजा में इजराइल और फलस्तीनी उग्रवादियों के बीच संघर्षविराम के लिए किए गए मिस्र और संयुक्त राष्ट्र के राजनयिक प्रयासों का समर्थन किया है। साथ ही सभी पक्षों से हालात को सामान्य बनाने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि हालात नियंत्रण से बाहर नहीं जाएं।
संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी दूत रुचिरा कम्बोज ने कहा, ‘‘ करीब एक साल तक शांति के बाद गाजा में एक बार फिर तनाव उभरा है। यह गंभीर चिंता का विषय है कि कूटनीतिक वार्ताओं, विकास पहल और अंतरराष्ट्रीय समुदाय द्वारा गत मई में संघर्षविराम को लेकर किए गए प्रयासों के बावजूद हिंसा पूरी तरह से कम नहीं हुई है।’’
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की सोमवार को हुई बैठक के दौरान कम्बोज ने कहा, ‘‘हम संयुक्त राष्ट्र, अंतरराष्ट्रीय समुदाय और इस क्षेत्र के देशों, विशेष रूप से मिस्र के राजनयिक प्रयासों का समर्थन करते हैं, जिसके कारण माहौल को और शांत करने तथा स्थायी शांति प्राप्त करने की कोशिश के लिए संघर्षविराम हुआ है।’’


Download Android App
Download iOS App



