हवा में पायलट की तबीयत बिगड़ी, दोहा-बेंगलुरु IndiGo फ्लाइट की मस्कट में इमरजेंसी लैंडिंग

Summary :

IndiGo Pilot Health Emergency: दोहा से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 1302 को पायलट की तबीयत बिगड़ने के बाद मस्कट डायवर्ट किया गया। उड़ान के दौरान 'मेडे' इमरजेंसी घोषित हुई। मस्कट में मेडिकल टीम ने क्रू सदस्य की जांच की। यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए एयरलाइन ने वैकल्पिक विमान और नए क्रू की व्यवस्था की।

IndiGo Pilot Health Emergency: दोहा से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को गुरुवार को अचानक मस्कट डायवर्ट करना पड़ा। उड़ान के दौरान फ्लाइट के एक पायलट की तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए विमान को ओमान की राजधानी मस्कट में उतारने का फैसला लिया गया। घटना के बाद एयरलाइन ने यात्रियों के लिए दूसरे  विमान और नए क्रू की व्यवस्था की।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  इंडिगो की A320neo फ्लाइट 6E 1302 ने गुरुवार सुबह करीब 3 बजे दोहा से उड़ान भरी। विमान अपने तय समय से लगभग एक घंटे की देरी से रवाना हुआ था। उड़ान शुरू होने के करीब दो घंटे के अंदर  ही विमान ने अपना रास्ता बदल लिया और मस्कट की ओर बढ़ गया। कुछ ही देर बाद विमान को मस्कट एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान क्रू के एक सदस्य की तबीयत अचानक खराब हो गई थी।

पायलट की तबीयत बिगड़ने पर घोषित हुआ ‘मेडे’

मिली जानकारी के अनुसार,  विमान के एक पायलट के बीमार पड़ने के बाद स्थिति को गंभीर मानते हुए ‘मेडे’ इमरजेंसी घोषित की गई। एविएशन सेक्टर  में ‘मेडे’ का इस्तेमाल उस समय किया जाता है, जब उड़ान के दौरान गंभीर आपात स्थिति पैदा हो जाए और तुरंत  मदद की जरूरत हो। ऐसी स्थिति में विमान को नजदीकी  एयरपोर्ट पर उतारना होता  है। इसी वजह से बेंगलुरु जाने के बजाय फ्लाइट को मस्कट डायवर्ट किया गया।

घटना को लेकर इंडिगो ने भी जानकारी दी है। एयरलाइन के मुताबिक, फ्लाइट को इसलिए डायवर्ट किया गया क्योंकि उसके क्रू के एक सदस्य को तुरंत मेडिकल मदद की जरूरत थी। इंडिगो ने बताया कि मस्कट में विमान के उतरने के बाद मेडिकल टीम ने क्रू सदस्य की जांच की। इलाज और जांच के बाद उनकी हालत अब बेहतर बताई जा रही है। एयरलाइन ने यात्रियों की सुरक्षा को सबसे जरूरी बताते हुए उन्हें आगे की यात्रा के बारे में लगातार जानकारी दी।

यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था

मस्कट में विमान के उतरने के बाद यात्रियों को आगे बेंगलुरु पहुंचाने के लिए इंडिगो ने दूसरे  विमान की व्यवस्था की। इसके साथ ही नए क्रू की टीम भी लगाई गई, ताकि यात्रियों की यात्रा को आगे जारी रखा जा सके। एयरलाइन की ओर से मस्कट में इंतजार कर रहे यात्रियों को रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया गया। साथ ही उन्हें फ्लाइट से जुड़ी स्थिति के बारे में समय-समय पर अपडेट भी दिए गए।

A320neo जैसे यात्री विमानों को आम तौर पर दो पायलट उड़ाते हैं। इनमें से अगर किसी एक पायलट की तबीयत इतनी खराब हो जाए कि वह अपनी जिम्मेदारी निभाने की स्थिति में न रहे, तो यह विमान के लिए गंभीर स्थिति मानी जाती है। ऐसे समय में विमान को किसी नजदीकी और उपयुक्त एयरपोर्ट पर उतारना सुरक्षा की दृष्टि से जरूरी हो सकता है।

यह भी पढ़ें: होर्मुज स्ट्रेट से मालवाहक जहाजों का गुजरना हुआ कम, आईएमएफ चीफ बोलीं- ‘विकासशील देशों को होगा ज्यादा नुकसान’

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।