ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने बुधवार को कहा कि उनका देश कभी भी अमेरिका के साथ युद्ध नहीं चाहता है। ईरान की सरकारी मीडिया पर यह बयान दोनों देशों के बीच तनाव की पृष्ठभूमि में आया है।
सरकारी समाचार एजेंसी इरना की खबर के अनुसार, रूहानी ने कहा, ‘‘ईरान को क्षेत्र में तनाव बढ़ाने में कोई दिलचस्पी नहीं है और वह अमेरिका सहित किसी भी देश के साथ कभी युद्ध नहीं चाहता है।’’
फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों से फोन पर बातचीत के दौरान रूहानी ने उक्त बात कही। गौरतलब है कि ईरान ने पिछले सप्ताह अपनी सीमा में घुसे एक अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया था जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव बहुत ज्यादा बढ़ गया है। रूहानी ने मैक्रों से कहा, ‘‘हम हमेशा क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध रहे हैं और इस दिशा में प्रयास करेंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



