अमेरिकी सेना के शीर्ष कमांडर ने रूस के दावों से उलट अभी भी इस्लामिक स्टेट समूह के मुखिया अबु बकर अल-बगदादी के जिंदा होने का अंदेशा जताया है। रूस ने दावा किया था कि एक माह पहले किए गए लक्षित हमलों में शायद उसकी मौत हो गई है। इराक और सीरिया में इस्लामिक स्टेट समूह से लड़ रहे गठबंधन बलों का नेतृत्व करने वाले अमेरिकी सेना के लेफ्टिनेंट जनरल स्टीफन टाउन्सेंड ने कहा, ”क्या मैं यह मानता हूं कि वह अब भी जिंदा है ? हां।”
सबसे पहले टाउन्सेंड ने कहा कि उनका ऐसा भरोसा सबूतों के अभाव के कारण पैदा हुआ है। अल-बगदादी के मारे जाने की जो बात कही जा रही थी, वह महज अफवाह थी। उन्होंने कहा, ”खुफिया सूत्रों ने भी कुछ ऐसे संकेत दिए हैं कि वह अभी जिंदा है।” हालांकि टाउन्सेंड ने खुफिया सूत्रों के बारे में ज्यादा कुछ जानकारी नहीं दी। रूसी अधिकारियों ने जून में कहा था कि इस बात की ”पूरी संभावना” है कि एक महीने पहले राका और सीरिया के बाहरी इलाके में रूस के हवाई हमले में अल-बगदादी मारा गया है।
पेंटागन ने कल अपने बगदाद मुख्यालय में संवाददाताओं को बताया, ”टाउन्सेंड ने कहा है कि अमेरिका और गठबंधन सेना सक्रियता से अल-बगदादी को ढूंढ रही है। यदि वे उसे खोज लेती हैं, तो शायद उसे पकड़ने के बजाय मार गिरायें।” टाउन्सेंड ने कहा कि अल-बगदादी के छिपे होने के बारे में एक अंदाजा है और वह तथाकथित मध्य फऱात नदी घाटी में छिपा हो सकता है, जो पूर्वी सीरिया के देईर एल-ज़ोर शहर से लगभग पश्चिमी इराक के रावा शहर तक फैला है।


Download Android App
Download iOS App



