पुड्डुचेरी : जानलेवा ‘ब्लू व्हेल गेम’ पर देश में प्रतिबंध के बीच पुड्डुचेरी में एमबीए के एक छात्र ने कल रात इस खेल की अंतिम चुनौती को पूरा करते हुए कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार पांडिचेरी केन्द्रीय विश्वविद्यालय में एमबीए के प्रथम वर्ष के छात्र शशिकुमार बोरा (23)ने अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से असम का रहने वाला था।
मोबाइल फोन की जांच से की पुष्टि
पुलिस ने छात्र के मोबाइल फोन की जांच करने के बाद इस बात की पुष्टि की कि आत्महत्या करने से पहले वह ‘ब्लू व्हेल गेम’ खेल रहा था। आगे की जांच के लिए फोन को साइबर सेल के पास भेज दिया गया है। शशिकुमार के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि कल रात वह उनसे बातचीत कर रहा था जिसके बाद वह अपने कमरे की ओर चला गया। शशिकुमार के दोस्तों ने भी बताया कि वह ‘ब्लू व्हेल गेम’ खेलने का आदी था। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे की जानकारी शशिकुमार के परिजनों को भी दे दी गई है। पुलिस और विभिन्न संगठनों की ओर से इन दिनों ‘ब्लू व्हेल गेम’ के नकारात्मक प्रभाव को लेकर उसके खिलाफ पूरे देश में एक व्यापक अभियान चलाया गया है। इससे पूर्व तमिलनाडु के मदुरै में 19 वर्षीय एक छात्र ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।
पहला मामला था मुंबई का
पुलिस का कहना है कि छात्र का यह कदम ‘ब्लू व्हेल चैलेंज’ से जुड़ा हुआ है। इस गेम से संबंधित पहला मामला मुंबई का था जिसमें नौंवी कक्षा के एक छात्र ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। गौरतलब है कि इस गेम में शामिल होने वाले प्रतियोगियों को 50 दिन में 50 काम पूरे करने के लिए दिए जाते हैं, जिनमें अंतिम काम आत्महत्या करना होता है।


Download Android App
Download iOS App






