खूंखार आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया के आतंकियों ने मंगलवार को इराक की राजधानी बगदाद में पूर्वोत्तर इलाके के एक गांव में हमला कर दिया जिसमे कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। इराक के सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि, यह हमला दियाला प्रांत के बाकूबा के पूर्वोत्तर में अल-रशद के शिया बहुल गांव में हुआ। उन्होंने बताया कि, हमला क्यों किया गया यह बात अभी स्पष्ट नहीं हुई है। अन्य दो अधिकारियों ने बताया कि इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों ने पहले दो ग्रामीणों का अपहरण किया था और जब उन्हें फिरौती के पैसे नहीं दिए गए तो उन्होंने गांव पर हमला कर दिया।
2017 के बाद से कम हुए है हमले
इस हमले के बाद नाम उजागर ना करने की शर्त पर अधिकारियों ने बताया कि हमले में मशीन गन का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने बताया कि हमले का शिकार बने सभी लोग आम नागरिक थे। अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2017 में देश से इस्लामिक स्टेट को खदेड़ दिए जाने के बाद से इराक में आम नागरिकों को निशाना बनाकर किए जाने वाले हमले बेहद कम हो गए हैं, हालांकि कई इलाकों में अब भी ऐसी घटनाएं देखी जा रही हैं। सुन्नी मुस्लिम चरमपंथी संगठन के आतंकवादी अब भी सक्रिय हैं, जो अक्सर सुरक्षा बलों, बिजली स्टेशनों और अन्य बुनियादी ढांचों को निशाना बनाते हैं।


Download Android App
Download iOS App



