सोनिया गांधी ने लालू यादव से फोन पर की बात, क्या दूर होगी महागठबंधन में कड़वाहट?

Summary :

विधानसभा उपचुनाव से पहले महागठबंधन में अलगाव की लड़ाई के बीच कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से फोन पर बातचीत की।

बिहार में विधानसभा उपचुनाव से पहले महागठबंधन में अलगाव की लड़ाई के बीच कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच क्या बात हुई ये जानकारी अभी सामने नहीं आई। हालांकि माना जा रहा है कि सोनिया ने लालू से महागठबंधन में आ रही कड़वाहट को दूर करने की कोशिश की है।
जानकारी के अनुसार, सोनिया गांधी ने मंगलवार को दिल्ली में पार्टी महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की बैठक के बाद आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव से फोन पर बात की। हालांकि, दोनों के बीच क्या बात हुई, इसे लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन माना जा रहा है कि भक्त चरण दास पर की गई टिप्पणी को लेकर ही सोनिया ने लालू से बात की होगी।

कांग्रेस-RJD की लड़ाई को सुशील मोदी ने बताया ‘नूराकुश्ती’, बोले-चुनाव के बाद हो जाएंगे एक

दरअसल, कुछ दिन पहले लालू यादव ने दिल्ली से पटना के लिए निकलते समय भक्त चरण दास को ‘भकचोन्हर’ बोल दिया था। उनकी इस टिप्पणी को कांग्रेस ने दलित विरोधी करार देते हुए लालू से उन्हें अपना बयान वापस लेने की मांग की। वहीं लालू की इस टिप्पणी के बाद महागठबंधन में चल रही अलगाव की खबरों ने ज़ोर पकड़ लिया।
भक्त चरण दास पर विवादित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार ने लालू यादव को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने आरजेडी सुप्रीमो की टिप्पणी को अक्षम्य करार देते हुए कहा, उनके इस तरह का बयान सीधे-सीधे अनुसूचित जाति -जनजाति कानून की अवहेलना है।

Desk Team