जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा पर बीते दिन एक भाषण के दौरान विस्फोटक से हमला किया गया। स्मोक बम से किए गए हमले में जापानी पीएम बाल-बाल बचे। हालांकि, पुलिस ने हमले के संदिग्ध को पकड़ लिया, लेकिन घटना के बाद से जापान में होने वाली जी7 बैठकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
अगले महीने जी7 देशों की बैठक होनी है
जापान में अगले महीने जी7 देशों की बैठक होनी है। इसके चलते हमले से बचकर निकलने के एक दिन बाद, जापानी पीएम फुमियो किशिदा ने औद्योगिक शक्तियों के समूह (G7) की बैठकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करने की कसम खाई। किशिदा ने कहा कि इन बैठकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी होगी। पश्चिमी जापान में एक बंदरगाह पर बीते दिन चुनाव अभियान के दौरान एक संदिग्ध ने स्मोक बम से किशिदा पर हमला किया था। पीएम संसद के निचले सदन के लिए 23 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार कर रहे थे।
संदिग्ध की पहचान पुलिस ने 24 वर्षीय रियुजी किमुरा के रूप में
क्योदो समाचार एजेंसी ने बताया कि संदिग्ध की पहचान पुलिस ने 24 वर्षीय रियुजी किमुरा के रूप में की है, जब उसे गिरफ्तार किया गया तो उसके पास एक चाकू भी था। संदिग्ध के पास एक दूसरा विस्फोटक उपकरण भी था, जिसे उसने घटनास्थल पर गिरा दिया था। किशिदा ने कहा कि जापान के लोकतंत्र की नींव पर हमला करने वालों को हिंसा की अनुमति नहीं दी जाएगी। बता दें कि बीते साल ही एक चुनावी सभा में पूर्व पीएम शिंजो आबे की हत्या कर दी गई थी। आबे पर प्रचार अभियान के दौरान भाषण देते वक्त एक शख्स ने गोली मार दी थी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई थी।
बता दें कि जी7 देशों की बैठक जापान में ही अगले महीने होनी है। G7 दुनिया के 7 बड़े औद्योगिक शक्तियों वाले दोशों का समूह है, जिसमें कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, यूनाइटेड किंगडम और अमेरिका शामिल है। इसके अतिरिक्त, यूरोपीय संघ भी इसका सदस्य है।


Download Android App
Download iOS App



