अमेरिका के राष्ट्रपति निर्वाचित हुए जो बाइडन ने देश में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से वृद्धि को खतरनाक बताया है और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले वर्तमान प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। बाइडन को शुक्रवार को कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के संबंध में कोविड-19 सलाहकार बोर्ड के सह-अध्यक्ष डॉ विवेक मूर्ति, डॉ डेविड केसलर और डॉ मार्सेला नुनेज-स्मिथ ने जानकारी दी।
बाइडन ने कहा, “उन्होंने जो तथ्य बताए हैं, वे काफी चिंताजनक हैं। हमारे देश में संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है, अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है और इस महामारी में काफी मौतें हो रही हैं। लगभग पूरे देश में स्थिति बहुत ही खराब है।’’
उन्होंने कहा कि इस सप्ताह एक सुरक्षित और प्रभावी कोविड-19 टीका बनाने की दिशा में एक अच्छी खबर आई है। दवा कंपनी फाइजर ने सोमवार को दावा किया था उनके द्वारा विकसित कोविड-19 टीका 90 प्रतिशत प्रभावी है। बाइडन ने कहा कि महामारी को लेकर संघीय सरकार को मजबूत और तत्काल कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित हुआ हूं, लेकिन मैं अगले साल राष्ट्रपति बनूंगा। मामले तब तक रुकेंगे नहीं, इसमें अभी काफी तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वर्तमान प्रशासन द्वारा तत्काल ठोस कदम उठाये जाने की आवश्यकता है।’’


Download Android App
Download iOS App



