प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के जैसलमेर के लोंगेवाला सीमा पर जवानों के साथ दिवाली मनाते हुए संबोधन के दौरान चीन और पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत समझने और समझाने की नीति पर विश्वास रखता है। उन्होंने विस्तारवाद की बात करते हुए बगैर नाम लिए चीन पर निशाना भी साधा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज पूरा विश्व विस्तारवादी ताकतों से परेशान हैं। विस्तारवाद, एक तरह से मानसिक विकृति है और 18वीं शताब्दी की सोच को दर्शाता है। इस सोच के खिलाफ भी भारत प्रखर आवाज बन रहा है। आज दुनिया ये जान रही है, समझ रही है कि ये देश अपने हितों से किसी भी कीमत पर रत्ती भर भी समझौता करने वाला नहीं है।” प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत का ये रुतबा, ये कद आपकी शक्ति और आपके पराक्रम के ही कारण है। आपने देश को सुरक्षित किया हुआ है इसीलिए आज भारत वैश्विक मंचों पर प्रखरता से अपनी बात रखता है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज भारत की रणनीति साफ है, स्पष्ट है। आज का भारत समझने और समझाने की नीति पर विश्वास करता है, लेकिन अगर हमें आजमाने की कोशिश होती है तो, जवाब भी उतना ही प्रचंड मिलता है। मैं आज देश के नौजवानों से देश की सेनाओं के लिए निर्माण करने का आह्वान करता हूं। हाल के दिनों में अनेक स्टार्ट्स-अप्स सेनाओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए आगे आए हैं। डिफेंस सेक्टर में नौजवानों के नए स्टार्ट-अप्स देश को आत्मनिर्भरता के मामले में और तेजी से आगे ले जाएंगे।”


Download Android App
Download iOS App



