बद्रीनाथ से आ रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ में क्रैश, खराब मौसम के बीच टूटा संपर्क; सर्च ऑपरेशन शुरू

Summary :

उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से जोशीमठ लौट रहा एक हेलीकॉप्टर लापता हो गया है। हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट जाने और उसका लोकेशन न मिलने के कारण प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से जोशीमठ लौट रहा एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। हेलीकॉप्टर से संपर्क टूटने और लोकेशन न मिलने की वजह से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, आपदा प्रबंधन और हेली कंपनी की टीमें तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई हैं और हेलीकॉप्टर की तलाश की जा रही है।

हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार

बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा आ रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का एक हेलीकॉप्टर, VT-HCX जोशीमठ घाटी के पास अचानक लापता हो गया है। इस हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु समेत कुल छह लोग सवार थे। जिनकी पहचान प्रतापा,अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज के रूप में की जा रही है। शुक्रवार दोपहर करीब 1:12 से 1:14 बजे के बीच उड़ान भरने के बाद इसका संपर्क टूट गया और ट्रैकिंग सिस्टम से भी इसकी लोकेशन गायब हो गई। खराब मौसम की वजह से तलाश अभियान में मुश्किलें आ रही हैं, हालांकि दो अन्य हेलीकॉप्टरों की मदद से इसकी खोजबीन की जा रही है।

क्रैश होने की आशंका बढ़ी- एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ

जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया है कि हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की खबर है, जिसकी जांच की जा रही है। वहां कुछ संदिग्ध चीजें मिलने से क्रैश होने की आशंका बढ़ गई है। राहत और बचाव के लिए आर्मी, पुलिस और डॉक्टर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच रहे हैं और एसडीएम साहब खुद भी वहां जा रहे हैं। पूरी बात पता चलने पर ही असल स्थिति सामने आएगी।

घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज देने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।”

Also Read: Bhutan Flash Flood: भूटान में फटी ग्लेशियर झील, असम-बंगाल में बाढ़ का अलर्ट, 10,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।