अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल जेवियर बेसेरा को स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर चुना है। बेसेरा किफायती स्वास्थ्य देखभाल संबंधी कानून के समर्थक रहे हैं और अब वह बाइडन प्रशासन में कोरोना वायरस के खिलाफ देश की मुहिम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सीनेट से मंजूरी मिलने के बाद बेसेरा (62) ऐसे पहले लातिन अमेरिकी होंगे जो स्वास्थ्य एवं मानवीय सेवा विभाग का नेतृत्व करेंगे। इस विभाग का बजट एक हजार अरब डॉलर से अधिक है और इसमें 80,000 कर्मचारी हैं। यह विभाग 13 करोड़ से ज्यादा अमेरिकी नागरिकों के लिए दवा एवं टीका, आधुनिक चिकित्सा अनुसंधान, स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रमों के लिए काम करता है।
ट्रंप प्रशासन ने हाल में ‘‘ओबामा केयर’’ को खत्म करने का प्रयास किया, लेकिन कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल के तौर पर बेसेरा ने इसका बचाव किया। अब यह मामला अमेरिका के उच्चतम न्यायालय में है जिस पर अगले साल फैसला आने की संभावना है। पूर्व डेमोक्रेट सांसद बेसेरा ने 2009-2010 के दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा के स्वास्थ्य कानून को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।


Download Android App
Download iOS App



