LNG Factory Blast in Qatar: कतर से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल यहां के रास लाफान स्थित LNG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) कॉम्प्लेक्स (LNG Factory Blast) में हुए एक बड़े धमाके में 12 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है। इस हादसे में कुल 13 लोगों ने जान गंवाई है, जबकि 66 लोग घायल हुए हैं। भारतीय दूतावास ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। यह हादसा बरजान गैस फैसिलिटी में हुआ, जो रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी का हिस्सा है। यह क्षेत्र कतर के गैस उत्पादन और निर्यात का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में पता लगा है कि ये धमाका तकनीकी खराबी के कारण हुआ। कतरी अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कतर के ऊर्जा मंत्री और कतर एनर्जी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी साद अल-काबी ने बताया कि मृतकों में भारतीय और पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है।
Explosion at Qatar’s Ras Laffan LNG: घायलों का इलाज जारी

हादसे में घायल हुए सभी लोगों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है। भारतीय दूतावास के अनुसार, सभी घायल फिलहाल स्थिर हालत में हैं और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि वे कतर सरकार और स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। दूतावास प्रभावित भारतीय परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा हुआ है।
मृतकों के शव भारत भेजने की तैयारी

भारतीय दूतावास ने बताया कि मृतकों के पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों की एक टीम इस काम में लगी हुई है ताकि परिवारों को जल्द राहत मिल सके। रविवार रात हुआ यह धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज और कंपन लगभग 70 किलोमीटर दूर स्थित राजधानी दोहा तक महसूस किए गए।
धमाके के तुरंत बाद गैस फैसिलिटी में भीषण आग लग गई। स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए आपातकालीन सेवाओं और दमकल विभाग की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दो दिन पहले ही दोबारा शुरू हुआ था प्लांट
कतर एनर्जी के अनुसार, प्लांट के कुछ हिस्सों को फिर से चालू करने का काम चल रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। कंपनी ने साफ किया है कि यह कोई हमला या तोड़फोड़ की घटना नहीं थी, बल्कि एक दुर्घटना थी। जानकारी के मुताबिक, जरूरी मरम्मत और रखरखाव कार्यों के कारण यह प्लांट दिसंबर 2025 से बंद था। करीब दो दिन पहले ही इसका संचालन फिर से शुरू किया गया था।
कतर के लिए बेहद अहम है यह गैस परियोजना
बरजान गैस फैसिलिटी कतर की ऊर्जा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी उत्पादन क्षमता लगभग 1.4 बिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक फीट गैस प्रतिदिन है। यहां से मिलने वाली गैस का उपयोग मुख्य रूप से बिजली उत्पादन और समुद्री खारे पानी को मीठा बनाने वाले प्लांटों में किया जाता है। इस बड़े हादसे के बाद कतर सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App




