जापान के होकायिदो द्वीप में गुरुवार को तड़के भूकंप में अब तक आठ लोगों की मौत हो गई है और कई घर ढह गए हैं तथा भूस्खलन की वजह से दर्जनों लोग लापता हैं। इससे भूस्खलन की घटना के साथ-साथ करीब 30 लाख घरों में बिजली की आपूर्ति ठप्प पड़ गई और एक परमाणु संयंत्र में जेनरेटर से बिजली की आपूर्ति करानी पड़ी। जापान मौसम विभाग एजेंसी ने बताया कि होकायिदो द्वीप में गुरुवार को तड़के तीन बजकर 8 मिनट पर 6.7 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र 40 किलोमीटर की गहराई में तोमाकोमाई शहर में था।
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने जापान में भूकंप की तीव्रता 6.6 बताई है हालांकि, इससे सूनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है। अग्नि एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि तोमाकोमाई में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला और निकटवर्ती शहर अस्तुमा से कई लोगों के लापता होने की खबर है। मुख्य कैबिनेट सचिव योशिहीदे सुगा ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि अधिकारियों को सैड़कों लोगों के लापता होने और इमारतों के ढहने संबंधी फोन कॉल आए हैं।
उन्होंने बताया कि अधिकारी राहत एवं बचाव के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं और क्षति का आकलन किया जा रहा है। सुगा ने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री कार्यालय में आपदा कार्यबल का गठन किया है। जापान के न्यक्लियर रेगुलेशन अथॉरिटी ने बताया कि तोमारी परमाणु संयंत्र के तीन रियेक्टरों को बैकअप जेनरेटर की मदद से चलाया जा रहा है क्योंकि द्वीप में बिजली की आपूर्ति ठप्प पड़ गई है और यातायात चरमरा गई है। जापान में भूकंप की वजह से फोन सेवा और टेलिविजन प्रसारण भी सापोरो में प्रभावित हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



