अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी सैन्य अधिकारियों का मानना है कि प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी का इस समय ताइवान की यात्रा करना ‘‘ठीक नहीं’’ है। बाइडन ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की। एक दिन पहले चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि पेलोसी आने वाले हफ्तों में ताइवान यात्रा की अपनी योजना पर आगे बढ़ती हैं, तो चीन ‘‘दृढ़ एवं कड़ी कार्रवाई’’ करेगा।
बाइडन ने पेलोसी की प्रस्तावित यात्रा के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, ”मुझे लगता है कि सेना का मानना है कि फिलहाल यह अच्छा विचार नहीं है। लेकिन मैं नहीं जानता की स्थिति क्या है।” पेलोसी का अप्रैल में ही ताइवान की यात्रा का कार्यक्रम था, लेकिन तब कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आने के कारण उन्हें अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी थी।
पेलोसी बीते 25 वर्षों में अमेरिका के करीबी सहयोगी ताइवान की यात्रा करने वाली पहली शीर्ष अमेरिकी सांसद होंगी। उनसे पहले 1997 में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के तत्कालीन अध्यक्ष न्यूट गिंगरिच ताइवान यात्रा पर गए थे। ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ की एक खबर के अनुसार, पेलोसी अगस्त में स्वशासी द्वीप की यात्रा करने की योजना बना रही हैं, जिसे चीन अपना हिस्सा मानता है।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियांग ने बुधवार को दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘पेलोसी की यात्रा चीन की संप्रभुता तथा क्षेत्रीय अखंडता को गंभीर रूप से कमजोर करेगी और चीन तथा अमेरिका के रिश्तों की नींव पर भी इसका गंभीर असर पड़ेगा। साथ ही, इससे ताइवान के स्वतंत्र बलों को गलत संकेत मिलेगा।’’ झाओ ने कहा, ‘‘अगर अमेरिका ने गलत रास्ते पर चलना जारी रखा, तो चीन अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने के लिए दृढ़ एवं कड़ी कार्रवाई करेगा।’’ हालांकि, झाओ ने पेलोसी की यात्रा के खिलाफ चीन क्या कार्रवाई कर सकता है, इसकी कोई जानकारी नहीं दी।


Download Android App
Download iOS App



