काठमांडू, 16 सितंबर (आईएएनएस)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनल ने नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से बुधवार को विदाई मुलाकात की और उनके कार्यकाल के सफलतापूर्वक पूरा होने पर बधाई दी। देश के विदेश मंत्रालय (एमओएफए ऑफ नेपाल) ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि विदेश मंत्रालय में हुई मुलाकात के दौरान मंत्री खनल ने नेपाल-भारत संबंधों को और मजबूत करने में राजदूत श्रीवास्तव के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों में उनके योगदान को रेखांकित किया।
आगे लिखा, “मंत्री ने ऊर्जा सहयोग, व्यापार, बुनियादी ढांचे की कनेक्टिविटी और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्र में हुई प्रमुख प्रगति का भी उल्लेख किया। भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद नेपाल के प्रति भारत की एकजुटता और तत्काल आपदा राहत सहायता के लिए गहरा आभार व्यक्त किया।”
विदेश मंत्री ने कहा, “संकट की इस घड़ी में भारत की सहायता दोनों देशों के बीच मजबूत सहयोग और मित्रता को दर्शाती है।”
राजदूत श्रीवास्तव को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी नेपाल के अच्छे मित्र बने रहेंगे।
वहीं, भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने अपने कार्यकाल के दौरान नेपाल सरकार की ओर से मिले सहयोग और समर्थन के लिए गहरी सराहना व्यक्त की। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में नेपाल और भारत के बीच संबंध लगातार और मजबूत होते रहेंगे।
नवीन श्रीवास्तव ने 25 जून 2022 को काठमांडू में भारत के राजदूत का पदभार संभाला था। नेपाल में उनका कार्यकाल अब अपने अंतिम चरण में है। नेपाल में नियुक्ति से पहले वह विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के रूप में पूर्वी एशिया डिवीजन के प्रमुख थे। यहां उन्होंने चीन, जापान और कोरिया के मामलों को संभाला और भारत-चीन सीमा वार्ता का नेतृत्व भी किया था।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



