न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डर्न सोमवार सुबह एक टेलीविजन चैनल को लाइव इंटरव्यू दे रही थीं कि तभी अचानक भूकंप के झटके महससू किए गए लेकिन उन्होंने साक्षात्कार जारी रखा। आर्डर्न ने साक्षात्कारकर्ता रयान ब्रिज को बीच में रोककर बताया कि राजधानी वेलिंगटन में संसद परिसर में क्या हो रहा है। आर्डर्न ने कहा, “रयान यहां भूकंप आया है, हमें ठीक-ठाक झटका महसूस हुआ है।’’
उन्होंने कमरे में दाएं-बाएं देखते हुए कहा, “आप मेरे पीछे चीजों को हिलते हुए देख सकते हैं।” न्यूजीलैंड प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में पड़ता है और यहां अक्सर भूकंप आने की वजह से इसे कई बार अस्थिर द्वीप भी कहा जाता है। आर्डर्न ने इंटरव्यू जारी रखा और साक्षात्कारकर्ता को बताया कि भूकंप थम गया है। उन्होंने कहा, “हम ठीक हैं रयान। मेरे ऊपर लाइटों ने हिलना बंद कर दिया है, मुझे लगता है कि मैं अब एक ठोस ढांचे के नीचे बैठी हुई हूं।”
अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के मुताबिक सोमवार को आए भूकंप की तीव्रता 5.6 थी और इसका केंद्र उत्तरपूर्व वेलिंगटन से 100 किलोमीटर दूर समुद्र की गहराई में था।
हालांकि, जान-माल को किसी भी तरह के बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
जियोनेट के अनुसार भूकंप के झटके इतने तेज थे कि उसका असर उत्तर में गिसबोन और उत्तरीय द्वीप तथा दक्षिण द्वीप के आस-पास भी महसूस किये गए। जियोनेट ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भूकंप लेविन से 30 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में जमीन की सतह से 37 किलोमीटर की गहराई में स्थित था और रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.8 मापी गयी है।
जियोनेट के अनुसार भूकंप स्थानीय समय अनुसार सात बजकर 53 मिनट पर आया भूकंप से किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की फिलहाल कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गयी है।


Download Android App
Download iOS App



