वाशिंगटन : अमेरिका के रक्षा विभाग पेंटागन ने एक आतंकवादी हमले को निशाना बनाकर पाकिस्तान की सीमा में ड्रोन हमला करने संबंधी इस्लामाबाद के दावों को आज खारिज कर दिया। रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल माइक एंड्रयूज ने कहा, ‘‘अमेरिकी सेना द्वारा 24 जनवरी को पाकिस्तान में हवाई हमले किये जाने के पाकिस्तान सरकार के दावे के जवाब में मैं इसकी पुष्टि कर सकता हूं कि अफगानिस्तान के बाहर रक्षा विभाग ने कोई हवाई हमला नहीं किया।’’ अगर कोई ड्रोन हमला होता है तो यह आमतौर पर सीआईए या सेना करती है। सीआईए ने अभी पाकिस्तान के अंदर ड्रोन हमले पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।
पाकिस्तान ने एक बयान में कुर्रम एजेंसी में अमेरिकी ड्रोन हमले की निंदा करते हुए कहा, ‘‘एकतरफा कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोनों देशों के बीच सहयोग की भावना के लिए हानिकारक है।’’ खबरों के अनुसार, हक्कानी नेटवर्क के कमांडर एहसान उर्फ खवारी और उसके दो साथी पाकिस्तान के कुर्रम एजेंसी इलाके में कथित ड्रोन हमले में मारे गए।


Download Android App
Download iOS App



