Oregon School Shooting: अमेरिका के ओरेगन राज्य के बेंड शहर से आज यानी गुरवार को एक स्कूल में गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में 3 बच्चों और एक टीचर समेत 4 लोगों की मौत हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर की उम्र करीब 16 साल थी। घटना के दौरान एक स्थानीय नागरिक ने हमलावर को रोकने के लिए उस पर गोली चलाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और जांच एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में जान गंवाने वाले तीन बच्चों की उम्र 5, 8 और 11 साल थी। मृतकों में एक शिक्षक भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि सभी मृतकों के परिवारों को घटना की जानकारी दे दी गई है।गोलीबारी में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें 7 साल का एक बच्चा और 54 साल के एक टीचर शामिल है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई गई है।
बंद दरवाजों पर गोली चलाकर स्कूल में घुसा हमलावर
पुलिस प्रमुख माइक क्रांट्ज के अनुसार, संदिग्ध हमलावर बेंड शहर का रहने वाला था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसने स्कूल के बंद दरवाजों पर गोली चलाई और अंदर जाने का रास्ता बनाया। इसके बाद स्कूल परिसर में गोलीबारी हुई।
वहीं, जब एक स्थानीय नागरिक ने हमलावर को रोकने के लिए गोली चलाई। इसके बाद हमलावर की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, पुलिस इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से अभी तक हमले की वजह या हमलावर की मंशा को लेकर कोई अंतिम जानकारी नहीं दी गई है।
जांच में जुटी FBI की टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी जांच एजेंसी FBI की टीम भी मौके पर पहुंची। FBI के डायरेक्टर काश पटेल ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि एजेंसी के अधिकारी जांच में सहयोग कर रहे हैं। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या हमलावर पहले कभी इस स्कूल में पढ़ चुका था या उसका स्कूल से कोई अन्य संबंध था। पुलिस ने कहा है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में मामले से जुड़ी एक्स्ट्रा जानकारी शेयर की जा सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में किंडरगार्टन से लेकर 5 वीं कक्षा तक के बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल में लगभग 450 छात्र और 40 कर्मचारी हैं। स्कूल में हुई इस घटना ने बच्चों, पेरेंट्स और टीचर्स की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जांच एजेंसियां घटना के क्रम और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं।
ओरेगन की गवर्नर ने स्थानीय नागरिक की तारीफ की
ओरेगन की गवर्नर टीना कोटेक ने हमलावर को रोकने वाले स्थानीय नागरिक से बातचीत की। उन्होंने उसकी बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उसके कदम से लोगों की जान बचाने में मदद मिली।
इस बीच सामने आई एक रिपोर्ट के अनुसार, यह इस साल अमेरिका में स्कूल में गोलीबारी की 26वीं घटना बताई गई है। घटना की जांच पूरी होने के बाद ही हमले से जुड़ी सारी जानकारी सामने आ सकेगी।’


Download Android App
Download iOS App




