गिलगित-बलतिस्तान में PAK सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत 4 की मौत

Summary :

तकनीकी खामी की वजह से यह दुर्घटना हुई और इसमें पायलट, सह-पायलट और दो सैनिकों की मौत हो गई।

गिलगित-बलतिस्तान में तकनीकी खामी की वजह से पाकिस्तान की सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार चार सैनिकों की मौत हो गई। इस हेलीकॉप्टर से सेना के एक जवान के शव को स्कार्दु के एक अस्पताल ले जाया जा रहा था। 
सेना ने एक बयान में बताया कि यह हेलीकॉप्टर शनिवार शाम में एस्तोर जिले के मिनिमार्ग में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। बयान में बताया गया कि तकनीकी खामी की वजह से यह दुर्घटना हुई और इसमें पायलट, सह-पायलट और दो सैनिकों की मौत हो गई। 
स्थानीय सूत्र ने सिन्हुआ को बताया कि यह घटना एक सुदूर घाटी में हुई जहां कोई रिहायशी बस्ती नहीं थी। दुर्घटना के बाद सैन्य दल दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हेलीकॉप्टर के मलबे से निकाला। गिलगित-बलतिस्तान के सूचना मंत्री फतुल्लाह खान ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। 

Desk Team