राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राज्य को बेसब्री से वैश्विक महामारी कोरोना वैक्सीन का इंतजार है और उम्मीद हैं कि केंद्र सरकार देश में सभी को मुफ्त में वैक्सीन उपलब्ध कराएगी। सीएम गहलोत ने आज सोशल मीडिया के जरिए यह बात कही। उन्होंने कहा कि राजस्थान को बेसब्री से वैक्सीन का इंतजार है। हम उम्मीद करते हैं कि केंद्र सरकार के द्वारा देश के सभी नागरिकों को मुफ्त में कोरोना वायरस की वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा ‘‘आंध्रप्रदेश, गुजरात, पंजाब और असम में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन शुरू होने जा रहा है। मैं इसकी सफलता के लिए शुभकामनाएं देता हूं। आशा करता हूं यह कामयाब हो और अन्य राज्यों में भी इसका सफल प्रयोग हो सके।’’ उन्होंने कहा कि कई लोग कोरोना के लक्षण दिखने के बाद भी डॉक्टर की सलाह नहीं लेते और जांच नहीं कराते हैं। देरी से जांच कराने के कारण यह बीमारी गंभीर हो जाती है, जिससे मृत्यु तक हो सकती है।

विशेषज्ञों का मानना है कि कोरोना वायरस के कम होते मामलों को देखकर जनता लापरवाह होती जा रही है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर भी ट्वीट किया और कहा कि राहुल गांधी की ताकत का एहसास इसी बात से किया जा सकता है कि राहुल कोई भी मुद्दा उठाते हैं तो मोदी सरकार के सभी मंत्री अपना सारा काम छोड़कर राहुल गांधी को घेरने लगते हैं।




Download Android App
Download iOS App



