UN में पाकिस्‍तान की फिर ‌खिंचाई, भारत बोला- पड़ोसी देश में मिली है आतंकियों को सुरक्षित पनाहगाह

Summary :

NULL

संयुक्त राष्ट्र : पाकिस्‍तान में आतंकियों की ‘सुरक्ष‍ित पनाहगाह’ पर भारत ने एक बार फिर आपत्ति जताई है। संयुक्‍त राष्‍ट्र में भारत के स्‍थाई प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने कहा कि पड़ोसी देश में वर्षों से आतंकियों को सुरक्षित पनाहगाह मिली हुई है और वहां तालिबान तथा लश्‍कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठन बिना किसी खौफ के अपनी गतिविधियां चला रहे हैं।अकबरुद्दीन ने हालांकि सीधे तौर पर पाकिस्‍तान का नाम नहीं लिया, बल्कि अफगानिस्‍तान के पड़ोसी देश के तौर पर इसका जिक्र किया। उन्‍होंने कहा, ‘अफगानिस्तान के पड़ोस में तालिबान और लश्कर जैसे आतंकी संगठनों के ‘खतरनाक मंसूबों’ को पिछले कई वर्षों से जगह मिली हुई है।’

भारत ने मादक पदार्थों की तस्‍करी पर रोक लगाने की भी मांग की और जोर देकर कहा कि इसके जरिये ही आतंकी संगठन अपने लिए धन उगाही करते हैं। अफगानिस्तान पर सुरक्षा परिषद की चर्चा के दौरान अकबरुद्दीन ने सोमवार को कहा कि इनके तार सीधे तौर पर अफगानिस्‍तान में मादक पदार्थों की तस्‍करी करने वाले गिरोहों से जुड़े हुए हैं।

अफगानिस्तान के कई इलाकों में हुए हमलों का हवाला देते हुए उन्‍होंने कहा कि तालिबान हिंसात्मक और विध्वंसक गतिविधियों को लगातार अंजाम दे रहा है। इनकी साजिश करने वाले आतंकी ‘पड़ोस में सुरक्षित पनाहगाहों’ में रहे। यहां वर्षों से तालिबान, हक्कानी नेटवर्क, दाएश, अल कायदा, लश्कर और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी नेटवर्कों के नापाक मंसूबों को पनाह मिली हुई है।

Desk Team