जम्मू कश्मीर में भारतीय सेना ने मुठभेड़ के दौरान आतंकी रियाज नाइकू को मार गिराया था और उसके बाद भारत-पाक सीमा पर पाकिस्तानी वायुसेना ने सीमा पर गश्त बढ़ा दिया है। बताया जा रहा है कि आज पाकिस्तान के एफ-16, जेएफ-17 और मिराज-III विमान ने भारतीय सीमा रेखा के नजदीक उड़ान भरी है। पाकिस्तान द्वारा इस बढ़ती हलचल को देखते हुए भारतीय सेना भी सतर्क हो गई है और पाकिस्तानी वायुसेना की एक-एक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि पिछले दिनों हंदवाड़ा में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में कर्नल आशुतोष शर्मा की शहादत के बाद पाकिस्तान डरा हुआ है और उसने बॉर्डर पर फाइटर एयरक्राफ्ट की गतिविधियां बढ़ाते हुए सीमा पर अपने एफ-16, जेएफ-17 और मिराज-III जैसे फाइटर विमान तैनात किये हैं।
आपको बतादें कि पिछले दिनों हंदवाड़ा में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में कर्नल आशुतोष शर्मा समेत सेना के 5 जवान शहीद हो गए थे। मुठभेड़ के दौरान भारतीय सेना ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए आतंकवादी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन के शीर्ष कमांडर रियाज नायकू को मार गिराया था।
भारत-पाक सीमा पर पाकिस्तान वायुसेना की बढ़ी हलचल को देखते हुए भारतीय वायुसेना के एयरबेस भी पूरी तरह से अलर्ट पर हैं। पाकिस्तानी विमानों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए भारत एयरबोर्न वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम(AWACS) का इस्तेमाल कर रहा है।
गौरतलब हो कि इससे पहले आज सिक्किम में भारत-चीन सीमा पर दोनों देशों के सैनिकों में झड़प हो गई थी जिसमें दोनों देशों के सैनिकों को मामूली चोटें भी आई हैं।


Download Android App
Download iOS App


