PM modi in Netherlands: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 देशों की यात्रा पर है। इस बीच शनिवार को नीदरलैंड के ”द हेग” (The Hague) में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार और उत्साह देखकर ऐसा लग ही नहीं रहा है कि वह नीदरलैंड में हैं। उन्होंने कहा कि विदेश में रहकर भी भारतीयों का देश के प्रति लगाव और अपनापन हमेशा दिखाई देता है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भारत की उपलब्धियों, लोकतंत्र, तकनीक, स्टार्टअप और भारत-नीदरलैंड संबंधों पर विस्तार से बात की।
PM modi in Netherlands: 16 मई का दिन क्यों है खास
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 16 मई उनके लिए बहुत खास दिन है। उन्होंने याद दिलाया कि इसी दिन साल 2014 में लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे और कई दशकों बाद देश को पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार मिली थी। उन्होंने कहा कि उस दिन से लेकर आज तक देश लगातार विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें 13 साल तक मुख्यमंत्री और 12 साल तक प्रधानमंत्री के रूप में जनता की सेवा करने का मौका मिला।
PM modi Foreign visit: करोड़ों लोगों का लगातार समर्थन मिला

लोकतांत्रिक व्यवस्था में इतने लंबे समय तक करोड़ों लोगों का लगातार समर्थन मिलना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और यही उन्हें लगातार काम करने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासियों का स्नेह उन्हें कभी रुकने नहीं देता। उन्होंने कहा कि उन्होंने छोटी उम्र में ही देशसेवा का रास्ता चुन लिया था और अब पूरा देश ही उनका परिवार बन गया है। जनता का दुख और सुख दोनों उनके अपने हैं और इसी भावना के साथ वह लगातार काम कर रहे हैं।
PM Modi Netherlands Highlights: भारत अब बड़े सपने देख रहा है

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोई भी देश तभी तेजी से आगे बढ़ सकता है जब उसके सपने बड़े हों। आज भारत भी बड़े लक्ष्य तय कर रहा है और उन्हें हासिल करने के लिए तेजी से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज का भारत सिर्फ बदलाव नहीं चाहता, बल्कि दुनिया में सबसे बेहतर और सबसे तेज बनने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने युवाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि आज भारत का युवा नई सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। युवा स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं, ड्रोन टेक्नोलॉजी पर काम कर रहे हैं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में भारत को आगे ले जाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की सोच अब केवल अपनी सीमाओं तक सीमित नहीं है। देश ओलंपिक की मेजबानी करना चाहता है, ग्रीन एनर्जी में दुनिया का नेतृत्व करना चाहता है और वैश्विक अर्थव्यवस्था की ताकत बनना चाहता है। उन्होंने कहा कि भारत में हाईवे निर्माण, आधुनिक ट्रेनें, मेट्रो नेटवर्क और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।
तकनीक और इनोवेशन में आगे बढ़ता भारत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत आज तकनीक और इनोवेशन के क्षेत्र में दुनिया को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने बताया कि दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल पहचान सिस्टम और सबसे बड़ा डिजिटल भुगतान नेटवर्क भारत में चल रहा है। इसके अलावा सरकार की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना भी भारत में ही संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में भी नई उपलब्धियां हासिल की हैं। भारत चंद्रमा के उस हिस्से तक पहुंचा जहां पहले कोई देश नहीं पहुंच पाया था। इसके साथ ही न्यूक्लियर एनर्जी, सोलर एनर्जी और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में भी देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में लंबे पुल, बड़ी सुरंगें, एक्सप्रेसवे, रेलवे नेटवर्क और एयरपोर्ट लगातार बनाए जा रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने धरती और चंद्रमा के बीच की दूरी से भी कई गुना ज्यादा ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क बिछाया है। उन्होंने यह भी कहा कि एक समय भारत मोबाइल फोन आयात करता था, लेकिन आज देश दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्यातक बन चुका है। डिजिटल इंडिया अभियान के कारण आज लोग डिजिटल वॉलेट और डिजिलॉकर जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में होने वाले आधे से ज्यादा डिजिटल ट्रांजैक्शन भारत में हो रहे हैं।
स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में स्टार्टअप संस्कृति तेजी से मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में बड़ी संख्या में नए स्टार्टअप शुरू हुए हैं और लाखों युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि देश में पेटेंट फाइल करने की संख्या भी लगातार बढ़ रही है, जो यह दिखाता है कि भारत के युवा नई तकनीक और नए विचारों पर तेजी से काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब चिप निर्माण में भी आत्मनिर्भर बनने की दिशा में काम कर रहा है। देश में कई सेमीकंडक्टर प्लांट पर काम चल रहा है और कुछ जगहों पर उत्पादन भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में “डिजाइन इन इंडिया” और “मेड इन इंडिया” चिप्स दुनिया में अपनी पहचान बनाएंगे।
भारत और नीदरलैंड के रिश्ते होंगे मजबूत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नीदरलैंड भारतीय कारोबार के लिए यूरोप का प्राकृतिक प्रवेश द्वार बन सकता है। उन्होंने कहा कि वहां रहने वाला भारतीय समुदाय दोनों देशों के बीच भरोसे का मजबूत पुल बन सकता है। उन्होंने नीदरलैंड को ट्यूलिप फूलों की धरती बताते हुए कहा कि भारत में भी जम्मू-कश्मीर में दुनिया के सबसे बड़े ट्यूलिप गार्डन मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह नीदरलैंड ट्यूलिप के लिए जाना जाता है, उसी तरह भारत कमल के लिए प्रसिद्ध है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ट्यूलिप और कमल दोनों यह संदेश देते हैं कि सही माहौल और पोषण मिलने पर सुंदरता और मजबूती दोनों विकसित होती हैं। यही भावना भारत और नीदरलैंड की दोस्ती में भी दिखाई देती है। उन्होंने खेलों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देश स्पोर्ट्स के क्षेत्र में भी साथ मिलकर आगे बढ़ रहे हैं। खासकर क्रिकेट में भारतीय समुदाय का बड़ा योगदान है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में भारत और नीदरलैंड के रिश्ते व्यापार, तकनीक, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में और मजबूत होंगे।
यह भी पढ़ें: अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो अगले सप्ताह आएंगे भारत, राजदूत गोर ने की पुष्टि


Download Android App
Download iOS App




