पोलैंड के एक बाजार में अंधाधुंध गोलीबारी: छह की मौत और 16 घायल, दो दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान

Summary :

वारसॉ, 8 नवंबर (आईएएनएस)। पोलैंड के क्राकोव शहर में शनिवार को एक व्यस्त बाजार चौक पर एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। पोलैंड के रक्षा मंत्री ने इस घटना को शहर के लोगों के खिलाफ ‘आतंकी कृत्य’ करार दिया है। पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय पोलिश नागरिक ने शनिवार दोपहर करीब तीन बजे (स्थानीय समयानुसार) शहर के मुख्य चौक पर स्वचालित हथियार से गोलियां चलाईं। देश के गृह मंत्री मार्सिन किर्विंस्की ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि संदिग्ध दक्षिणपंथी विचारधाराओं से प्रभावित था और उसके विचार बेहद…

वारसॉ, 8 नवंबर (आईएएनएस)। पोलैंड के क्राकोव शहर में शनिवार को एक व्यस्त बाजार चौक पर एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। पोलैंड के रक्षा मंत्री ने इस घटना को शहर के लोगों के खिलाफ ‘आतंकी कृत्य’ करार दिया है।

पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय पोलिश नागरिक ने शनिवार दोपहर करीब तीन बजे (स्थानीय समयानुसार) शहर के मुख्य चौक पर स्वचालित हथियार से गोलियां चलाईं। देश के गृह मंत्री मार्सिन किर्विंस्की ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि संदिग्ध दक्षिणपंथी विचारधाराओं से प्रभावित था और उसके विचार बेहद कट्टर तथा अति-राष्ट्रवादी थे।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। इनमें से एक ब्रिटिश नागरिक था। तीन मृतक पोलिश महिलाएं थीं, जबकि दो अन्य की पहचान नहीं हो सकी है।

पोलिश सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, “घायलों में ब्रिटेन, ऑस्ट्रिया, जर्मनी, पुर्तगाल और रूस के नागरिक भी शामिल हैं।”

घायलों में दो पुलिसकर्मी भी हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर है। संदिग्ध हमलावर के साथ गोलीबारी के दौरान पुलिसकर्मी को तीन गोलियां लगीं।

शनिवार देर रात पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने बताया कि संदिग्ध के घर से दो महिलाओं तथा एक पुरुष का शव भी बरामद किया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि ये सभी संदिग्ध के परिवार के सदस्य हो सकते हैं।

पोलैंड के रक्षा मंत्री व्लादिस्लाव कोसिनियाक-कामिश ने गोलीबारी को क्राकोव के लोगों के खिलाफ ‘आतंकी कृत्य’ बताया। क्राकोव पोलैंड का दूसरा सबसे बड़ा शहर है और यहां हर साल करीब डेढ़ करोड़ पर्यटक आते हैं। इनमें से अधिकांश शहर के मुख्य चौक से होकर गुजरते हैं।

क्राकोव की नगर परिवहन कंपनी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे एक ट्राम चालक ने सूचना दी कि मुख्य चौक के पास से गुजरते समय चलती कार में सवार एक व्यक्ति ने उसके वाहन पर गोली चलाई। इस घटना में ट्राम चालक के केबिन की खिड़की टूट गई।

शनिवार शाम सरकार के प्रवक्ता एडम श्वाप्का ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ” क्राकोव की घटना ने पूरे पोलैंड को झकझोर दिया है। प्रधानमंत्री टस्क क्राकोव के लिए रवाना हो गए हैं।”

न्याय मंत्री वाल्डेमार जुरेक ने भी एक्स पर कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि इस अपराध के दोषी को पूरी जवाबदेही के साथ कड़ी सजा मिले।

पोलैंड के राष्ट्रपति कारोले नवरोत्स्की ने क्राकोव में हुई दुखद घटना की खबरों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं पीड़ितों, घायलों और उनके परिवारों के साथ हैं।

इस साल फरवरी में यूरोन्यूज की एक रिपोर्ट में बताया गया था कि पोलैंड में कानूनी रूप से रखे गए हथियारों की संख्या पहली बार 10 लाख के पार पहुंच गई थी।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, पोलैंड ने 2025 में रिकॉर्ड 50,700 बंदूक लाइसेंस जारी किए थे। वर्ष 2025 में सक्रिय लाइसेंसों की संख्या 2015 की तुलना में लगभग दोगुनी थी।

इस हमले के पीड़ितों के सम्मान में रविवार और सोमवार को पोलैंड में राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।

–आईएएनएस

केआर/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.