रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) जेक सुलिवन से मुलाकात कर भारत और अमेरिका के आपसी हितों के अहम रणनीतिक मामलों पर अपना दृष्टिकोण साझा किया। इससे एक दिन पहले ही भारत और अमेरिका ने अपनी वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए दो प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर किए थे। राजनाथ सिंह दोनों देशों के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए अमेरिका की यात्रा पर यहां पहुंचे हैं। राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को अपनी बैठक के बाद सोशल मीडिया मंच पर लिखा, ‘‘अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन से मिलकर और आपसी हित के अहम रणनीतिक मामलों पर दृष्टिकोण साझा करके खुशी हुई।’’ उन्होंने प्रमुख अमेरिकी रक्षा कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ भी सार्थक बातचीत की और उन्हें भारतीय भागीदारों के साथ काम करने के लिए आमंत्रित किया ताकि ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम में तेजी लाई जा सके।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिका के NSA जेक सुलिवन से मुलाकात की
- भारत-अमेरिका के के अहम रणनीतिक मामलों पर अपना दृष्टिकोण साझा किया
- अमेरिकी कंपनियों के साथ सार्थक बातचीत हुई
अमेरिकी कंपनियों के साथ हुई सार्थक बातचीत- राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, ‘‘USISPF (भारत अमेरिका रणनीतिक साझेदारी मंच) द्वारा आयोजित गोलमेज सम्मेलन में रक्षा उद्योग की अग्रणी अमेरिकी कंपनियों के साथ सार्थक बातचीत हुई। उन्हें भारतीय भागीदारों के साथ काम करने के लिए आमंत्रित किया ताकि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने की दिशा में हमारे ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम में तेजी लाई जा सके। भारतीय और अमेरिकी कंपनियां साथ मिलकर दुनिया के लिए सह-विकास और सह-उत्पादन करेंगी।’’ USISPF ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘USISPF बोर्ड के सदस्यों और रक्षा उद्योग के नेताओं के साथ एक गोलमेज सम्मेलन में रक्षा मंत्री ने अमेरिका-भारत रक्षा संबंधों, इसमें अभूतपूर्व वृद्धि तथा इस बात पर चर्चा की कि कैसे रक्षा क्षेत्र एवं अमेरिकी कंपनियों का निवेश भारत की विकास गाथा और 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएंगे।’’
दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग गतिविधियों की समीक्षा की
इसमें कहा गया है कि राजनाथ सिंह ने ‘‘रक्षा गतिविधियों के माध्यम से रणनीतिक साझेदारी और रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।’’ USISPF के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश अघी ने कहा कि सिंह ने ‘‘रक्षा संबंधों और रणनीतिक संबंधों के विकास पर बात की, जिसमें निजी क्षेत्र अब साइबर, ड्रोन, AI, अंतरिक्ष और क्वांटम जैसी महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकी के नए क्षेत्रों में गहन रक्षा तालमेल स्थापित करने में अहम भूमिका निभाता है।’’ राजनाथ सिंह ने इससे एक दिन पहले शुक्रवार को अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच मौजूदा रक्षा सहयोग गतिविधियों की समीक्षा की। राजनाथ सिंह ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे प्रिय मित्र अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ शानदार बैठक हुई। हमने मौजूदा रक्षा सहयोग गतिविधियों की समीक्षा की तथा इसे प्रगाढ़ बनाने के तरीकों पर चर्चा की। आपूर्ति सुरक्षा व्यवस्था पर हस्ताक्षर तथा प्रमुख अमेरिकी कमान में भारतीय अधिकारियों की तैनाती के लिए समझौता ऐतिहासिक घटनाक्रम हैं।’’
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App





