तुर्की ने उत्तरी सीरिया में अमेरिकी सैन्य अड्डे को निशाना बनाने की बात से शनिवार को इनकार किया। इससे पहले पेंटागन ने कहा था कि उसके सैनिक तोप से किये गए हमले की जद में आए हैं।तुर्की के रक्षा मंत्री खुलूसी आकार ने सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलु को दिये बयान में कहा, ‘अमेरिका की निगरानी चौकी पर कोई हमला नहीं किया गया।’
उन्होंने कहा, ‘हमले से पहले सभी ऐहतियाती कदम उठाए गए थे, लिहाजा अमेरिकी चौकियों को कोई नुकसान नहीं हुआ।’ उन्होंने कहा कि अमेरिका के संपर्क करने के बाद तुर्की के बलों ने ‘ऐहतियातन’ गोलीबारी रोक दी। आकार ने कहा, ‘वैसे भी, हमारे कमान केन्द्रों और अमेरिका के बीच जरूरी तालमेल बनाया जा रहा है।’
उल्लेखनीय है कि तुर्की कुर्द लड़ाकों की अगुवाई वाले सीरियाई लोकतांत्रिक बलों (एसडीएफ) को निशाना बना रहा है जो इस्लामिक स्टेट समूह को हराने के पांच साल के अभियान में अमेरिका का प्रमुख सहयोगी रहा है।


Download Android App
Download iOS App



