भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए आरोपों को ‘तथ्यहीन’ करार देते हुए शनिवार को कहा कि उनका बयान राजनीतिक हताशा का परिणाम है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘अखिलेश यादव के उत्तर प्रदेश सरकार पर लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं तथा यह उनकी राजनीतिक हताशा का परिणाम है।’’
श्रीवास्तव ने अखिलेश के आरोपों को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की टिप्पणी उनकी राजनैतिक कुंठा को दर्शाती है। प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने प्रदेश को माफियाराज से मुक्ति दिलाई, जिसकी प्रशंसा प्रदेश की जनता ही नहीं बल्कि देशभर की जनता करती है।
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा, कहा- यूपी में किसी की भी हत्या हो सकती है
उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए किए गए निवेशक सम्मेलन की सफलता इसका बेहतरीन उदाहरण है। आज देश के उद्योगपति ही नहीं बल्कि अन्य देशों की तमाम कम्पनियां उत्तर प्रदेश में निवेश करने में रूचि दिखा रही है। श्रीवास्तव ने कहा कि हाल के दिनों में जो आपराधिक घटनाएं घटी हैं, वे निन्दनीय हैं और इन घटनाओं में सरकार ने त्वरित तथा प्रभावी कदम उठाये हैं।
उन्होंने कहा कि रिकार्ड संख्या में अपराधियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की दिशा में बडे परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बहुत जागरुक है तथा किसी भी भ्रामक प्रचार का प्रतिकार करना जानती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भ्रामक प्रचार का जवाब चुनाव में कडे़ शब्दों में विपक्षी दलों को दिया है। श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश की जनता को योगी सरकार की भ्रष्टाचार मुक्त तथा अपराधमुक्त उत्तर प्रदेश की प्रतिबद्धता पर पूरा भरोसा है।


Download Android App
Download iOS App



