रूस ने यूक्रेन में युद्ध अपराध किए हैं: अमेरिका

Summary :

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने बुधवार को कहा कि रूस ने यूक्रेन में युद्ध अपराधों को अंजाम दिया है और बाइडन प्रशासन अन्य के साथ मिलकर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए काम करेगा।

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने बुधवार को कहा कि रूस ने यूक्रेन में युद्ध अपराधों को अंजाम दिया है और बाइडन प्रशासन अन्य के साथ मिलकर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए काम करेगा। ब्लिंकन ने एक बयान में कहा, “ आज मैं फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह घोषणा कर सकता हूं कि अमेरिका सरकार ने मूल्यांकन किया है कि रूसी बल के सदस्यों ने यूक्रेन में युद्ध अपराध किए हैं।”
शिखर बैठक में हिस्सा लेने ब्रसेल्स जा रहे हैं बाईडन व ब्लिंकन
वह नाटो नेताओं की आपात शिखर बैठक में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रपति जो बाइडन के संग ब्रसेल्स जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मूल्यांकन पिछले महीने यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से सार्वजनिक और खुफिया सूत्रों की ‘ध्यान से की गई समीक्षा’ पर आधारित है। अमेरिका के शीर्ष राजनयिक ने कहा कि अमेरिका जानकारी को सहयोगियों, साझेदारों और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ साझा करेगा, जिनकी जिम्मेदारी युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराध के आरोपों की जांच करना है।
रूस सेना ने नागरिकों पर लक्षित हमला की कई संबधी रिपोर्ट देखी है हमने 
ब्लिंकन ने कहा, “हमने अंधाधुंध हमलों और जानबूझकर नागरिकों को लक्षित करने वाले हमलों के साथ-साथ अन्य अत्याचारों से संबंधी कई विश्वसनीय रिपोर्टें देखी हैं। रूस की सेना ने रिहायशी इमारतों, स्कूलों, अस्पतालों, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे, नागरिक वाहनों, शॉपिंग सेंटर और एम्बुलेंस को नष्ट कर दिया है जिनमें हजारों बेगुनाह लोगों की जान गई है या वे जख्मी हुए हैं।” उन्होंने कहा कि नागरिकों पर सबसे ज्यादा हमले मारियुपोल और अन्यत्र में हुए हैं।
 

Desk Team