महायुद्ध के बीच राहत की खबर, रुसी सेना करेगी अस्थाई संघर्ष विराम, इन 2 शहरों में खुलेंगे मानवीय कॉरिडोर

Summary :

यूक्रेन के दो शहरों में रूस की सेनाएं अस्थायी तौर पर रविवार को संघर्ष विराम करेंगी। यूक्रेन के दो अलगाववादी और रूस समर्थक क्षेत्रों के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यूक्रेन के दो शहरों में रूस की सेनाएं अस्थायी तौर पर रविवार को संघर्ष विराम करेंगी। यूक्रेन के दो अलगाववादी और रूस समर्थक क्षेत्रों के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इससे एक दिन पहले जारी बमबारी के बीच, नागरिकों को निकालने का समझौता विफल हो गया था। अलगाववादियों के कब्जे वाले इलाके दोनेत्स्क में सेना के प्रमुख एडुअर्ड बसूरिन ने कहा कि मारियूपोल और वोलनोवाखा शहरों के निवासियों के लिए सुरक्षित गलियारा रविवार को खोला जाएगा।
कितनी देर होगा संघर्ष विराम इसकी जानकारी नहीं 
अधिकारी ने यह नहीं बताया कि संघर्ष विराम कितनी देर तक रहेगा या संघर्ष विराम के साथ लोगों को निकाला जाएगा या नहीं। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि मारियूपोल से स्थानीय समयानुसार मध्याह्न 12 बजे लोगों को निकाला जाएगा। दोनेत्स्क क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख पाव्लो किरिलेंको ने कहा कि संघर्ष विराम पूर्वाह्न 10 बजे से रात नौ बजे तक रहेगा। मारियूपोल में युद्ध के खौफनाक मंजर के बीच शनिवार को संघर्ष विराम विफल हो गया था। 
सोमवार को होगी तीसरे दौर की शांति वार्ता 
यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा था कि शहर पर हमला हो रहा था इसलिए निकासी अभियान को रोक दिया गया था। रविवार को लोगों को निकालने के अभियान की घोषणा के साथ ही रूस और यूक्रेन के बीच तीसरे दौर की बातचीत की घोषणा की गई। यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य डेविड अरखामिया ने कहा कि वार्ता सोमवार को होगी। उन्होंने इस संबंध में इससे ज्यादा जानकारी नहीं दी।

यूक्रेन में स्वास्थ्य सुविधा केंद्रों पर हुए कई हमले, WHO ने की पुष्टि, कार्रवाई को बताया कानून का उल्लंघन

Desk Team