16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना, सरकार बोली- ‘हथकड़ी लगाकर ही आएंगी’

Summary :

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर में अपने देश वापस लौटने का फैसला किया है। उन्होंने बांग्लादेश सरकार से मांग की है कि दिल्ली से ढाका जाने के लिए उनके लिए फ्लाइट का इंतजाम किया जाए, और यह सफर बांग्लादेश की सरकारी एयरलाइन से कराया जाए।

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर में अपने देश वापस लौटने का फैसला किया है। उन्होंने बांग्लादेश सरकार से मांग की है कि दिल्ली से ढाका जाने के लिए उनके लिए फ्लाइट का इंतजाम किया जाए, और यह सफर बांग्लादेश की सरकारी एयरलाइन से कराया जाए। उनके स्वदेश लौटने पर बांग्लादेश सरकार ने कहा है कि वह सिर्फ हथकड़ी पहनकर एक आतंकवादी के रूप में ही लौट सकती हैं। वह अगस्त 2024 में हुए विद्रोह के बाद सत्ता छोड़कर भारत आ गई थी।

शेख हसीना को बताया भगोड़ी आतंकवादी

बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने मीडिया से बात करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “बांग्लादेश के लोग आतंकवाद का केवल एक ही रूप जानते हैं, और वह है शेख हसीना द्वारा फैलाया गया ‘अवामी आतंकवाद’।” कबीर ने हसीना पर गंभीर आरोप दोहराते हुए उन्हें एक दोषी अपराधी और भगोड़ी आतंकवादी बताया। उन्होंने कहा कि, “शेख हसीना को सिर्फ हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है।”

16 दिसंबर क्यों है खास?

आप लोगों के मन में भी ये सवाल आ रहा है कि शेख हसीना ने वतन वापसी के लिए 16 दिसंबर ही क्यों चुना? तो आपको बता दें कि ये तारीख बांग्लादेश के लिए बहुत खास है, इस दिन वहां विजय दिवस मनाया जाता है। क्योंकि इस दिन बांग्लादेश को पाकिस्तान से आज़ादी मिली थी। तो हो सकता है कि इसी को ध्यान में रखकर ये तारीख चुनी गई हो।

कोर्ट ने सुनाई थी मौत की सजा

आपको बता दें कि ढाका की इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल (ICT) अदालत ने 17 नवंबर 2025 को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और हत्याओं के मामले में दोषी मानते हुए मौत की सजा सुनाई थी, हालांकि भारत में रहते हुए उन्होंने इन सभी आरोपों से इनकार किया है।

क्यों भारत आई थी शेख हसीना?

आपको बता दें कि 2024 में बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। हालात बिगड़ने के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा और वह भारत आ गई थीं।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।