अमेरिका: कोलोराडो में आतंकी हमला, कई लोग हुए घायल, हिरासत में एक संदिग्ध

Summary :

FBI और स्थानीय पुलिस ने बोल्डर हमले की जांच शुरू की

कोलोराडो के बोल्डर में हुए आतंकी हमले में कई लोग घायल हो गए हैं और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। पुलिस चीफ स्टीफन रेडफर्न ने इस घटना की निंदा की और कहा कि इसके पीछे के मकसद पर अटकलें लगाना जल्दबाजी होगी। गवर्नर जेरेड पोलिस ने इस जघन्य कृत्य की निंदा की और घायल लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कोलोराडो के बोल्डर में हुए एक ‘टारगेटेड आतंकी हमले’ में कई लोग घायल हो गए, जिसके बाद एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, बोल्डर पुलिस चीफ स्टीफन रेडफर्न ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बोल्डर डिस्पैच को स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 1:26 बजे शहर के काउंटी कोर्टहाउस में हुई घटना की सूचना देने वाले कई कॉल आए। घटनास्थल पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों ने देखा कि कई लोग झुलसे थे, जबकि कुछ को चोटें आई थीं। ‘रन फॉर देयर लाइव्स’ के एक ऑर्गेनाइजर ने स्थानीय टेलीविजन स्टेशन केयूएसए को बताया कि हमले में पांच लोग झुलस गए। रिपोर्ट में आयोजक के हवाले से कहा गया कि जब वे 13 एंड पर्ल स्ट्रीट के पास ऐतिहासिक कोर्टहाउस पहुंचे, तो एक व्यक्ति बोतलों के साथ इंतजार कर रहा था। संदिग्ध ने बोतलें फेंकीं, जिससे पांच लोग झुलस गए। इनमें एक महिला भी शामिल थी। यह महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे आग बुझाने के लिए जमीन पर लेटना पड़ा।

स्पेन पहुंचा भारतीय प्रतिनिधिमंडल, महात्मा गांधी की प्रतिमा पर अर्पित की श्रद्धांजलि

सोशल मीडिया पोस्ट में एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल ने कहा, “हम बोल्डर, कोलोराडो में हुए एक टारगेटेड आतंकी हमले के बारे में जानते हैं और इसकी जांच कर रहे हैं। हमारे एजेंट और स्थानीय कानून प्रवर्तन पहले से ही घटनास्थल पर हैं। जैसे ही अधिक जानकारी उपलब्ध होगी, हम अपडेट साझा करेंगे। रेडफर्न ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि पुलिस के लिए अभी भी इसके पीछे के मकसद पर अटकलें लगाना जल्दबाजी होगी। कोलोराडो के गवर्नर जेरेड पोलिस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “मैं बोल्डर में स्थिति पर नजर रख रहा हूं। मेरी संवेदनाएं इस जघन्य आतंकवादी कृत्य से घायल हुए लोगों के साथ हैं। किसी भी तरह की नफरत से भरी हरकतें अस्वीकार्य हैं।”

आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख को उजागर करने वाले वैश्विक स्तर पर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने हमले के बाद चिंता जताते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने आज बोल्डर, कोलोराडो में हुए आतंकी हमले के बारे में चिंता व्यक्त की। राहत की बात है कि इसमें किसी की जान नहीं गई। हम सभी विदेश मंत्री सेकरूबियो के इस विचार से सहमत हैं कि हमारे देशों में ‘आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है।’

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.