बार्सिलोना : स्पेन के बार्सिलोना में व्यस्त जगह पर एक चालक ने भीड़ के बीच दिनदहाड़े वैन घुसा दी जिससे कम से कम 13 लोगों की मौत हो गयी। जिहादी गुट इस्लामिक स्टेट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पुलिस ने हमले के सिलसिले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार करने की घोषणा की है जिनमें से एक स्पेन का और दूसर मोरक्को का नागरिक है। पुलिस के अनुसार, वाहन चालक अभी फरार है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमले के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। घबराए हुए लोग जान बचाने के लिए भाग रहे थे और शव तथा घायल लोग सड़क पर पड़े थे। घटना कल शहर के सबसे व्यस्त इलाके में हुई जो पर्यटकों का पसंदीदा स्थान है। यूरोप में वाहनों को हथियार की तरह इस्तेमाल किए जाने वाले हमलों की कड़ी में यह ताजा हमला है। विश्व समुदाय के नेता इस ‘नरसंहार’ की एकजुटता से आलोचना कर रहे हैं। आईएस की प्रचार एजेंसी ‘अमाक’ ने दावा किया है कि जिहादी समूह के ‘सैनिकों’ के इस हमले को अंजाम दिया है।
क्षेत्रीय गृह मंत्री जोआकिम फोर्न ने बताया कि हमले में 13 लोगों की मौत हो गई है और अन्य 100 लोग घायल हुए हैं। इस हमले को पुलिस ‘एक आतंकी हमले’ के तौर पर देख रही है और उसने मृतकों की संख्या बढऩे की आशंका भी जताई है। हताहतों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
प्रसिद्ध लास रमब्लास बर्सिलोना की व्यस्त जगह है। यहां पर दुकानों और रेस्तरां की भरमार है जहां पर्यटकों का जमघट लगा रहता है और देर रात तक विभिन्न कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं। स्थानीय दुकान में काम करने वाले शावी परेज ने कहा, ”जब यह हुआ, मैं भागने लगा और वहां काफी नुकसान हुआ।” उन्होंने कहा, ”फर्श पर लोगों के शव थे जिसके बगल में लोग शोर मचा रहे थे। लोग जोर-जोर से पुकार रहे थे। वहां काफी विदेशी थे। ”
प्रत्यक्षदर्शी आमेर अनवर ने ब्रिटेन के स्काई न्यूज टेलीविजन से कहा कि वह लास रमब्लास की ओर जा रहे थे जहां पर्यटकों का तांता लगा हुआ था। उन्होंने कहा, ”यह सब अचानक हुआ। मैंने किसी के कुचले जाने जैसी आवाज सुनी और सड़क से लोगों को इधर-उधर भागते हुए देखा। मेरे बगल में एक महिला अपने बच्चों की मदद के लिए चिल्ला रही थी।” स्पेन अभी तह इस तरह के हमले से बचा हुआ था। निकटवर्ती फ्रांस, बेल्जियम और जर्मनी में इस तरह की घटनाएं हो चुकी है।
स्पेन में दूसरे कार हमले में सात लोग घायल
स्पेन के बार्सिलोना में एक घातक कार हमले के कुछ ही घंटों बाद कैम्ब्रिल्स में भी लोगों के बीच कार घुसा देने की एक घटना हुई जिसमें छह आम नागरिक और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने हमलावरों पर गोलियां चलाई, जिसमें चार हमलावरों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। उन्होंने बताया कि वे ”इस अनुमान के आधार पर कार्वाई कर रहे हैं कि कैम्ब्रिल्स में मारे गए आतंकवादियों का संबंध बार्सिलोना में हुई घटना से हो सकता है।”
आईएस ने ली स्पेन हमले की जिम्मेदारी
खूंखार आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने स्पेन के बार्सिलोना में हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। आईएस से जुड़ी अमाक समाचार एजेंसी के अनुसार आईएस के लड़ाकों ने बार्सिलोना में हमले किये हैं। इस हमले का मकसद गठबंधन सेना के देशों को निशाना बनाना था। इस समूह ने हालांकि ऐसा कोई सबूत पेश नहीं किया है जिससे उसके इस दावे की पुष्टि होती हो।
मध्य बार्सिलोना के मशहूर पर्यटन स्थल रमब्लास में एक वैन से भीड़ पर हमला किया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें एक मोरक्को तथा एक स्पेन का नागरिक है। इस हमले में कम से कम 13 लोग मारे गए हैं और एक सौ से अधिक लोग घायल हुए हैं जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। पुलिस ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि इस हमले में कितने लोग शामिल थे। पुलिस ने कहा कि एक अन्य संदिग्ध शहर के बाहरी इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया है।
स्पेन के प्रधानमंत्री मरिअनो राजोय ने तीन दिवसीय राष्ट्रीय शोक की घोषणा की तथा इसे आतंकवादी हमला करार दिया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा”हमारे जैसे स्वतंत्र और खुले समाजों के लिए आज आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पहली प्राथमिकता है। यह एक वैश्विक खतरा है इसलिए इसके खिलाफ वैश्विक प्रतिक्रिया की जरूरत है।”
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बार्सिलोना हमले की निंदा करते हुए कहा कि जो भी मदद की जरूरत होगी वह अवश्य करेंगे। उन्होंने कहा ”कठोर और मजबूत बनें, हम आपको प्यार करते हैं।” फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने ट्वीट कर कहा”बार्सिलोना के पीडि़तों के प्रति मेरी संवेदना।”
वेटिकन के एक प्रवक्ता ने कहा कि पोप फ्रांसिस ने इस हमले में मारे गये लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। गौरतलब है कि स्पेन में 2004 में आतंकवादियों ने एक बड़ा हमला किया था जिसमें मैड्रिड की एक ट्रेन में बम विस्फोट किया गया था। इस हमले में 191 लोग मारे गए थे तथा 1800 से अधिक लोग घायल हुए थे।


Download Android App
Download iOS App










