पूर्वी ईरान में बुधवार तड़के एक यात्री ट्रेन के एक ‘एक्स्कवेटर’ से टकराकर पटरी से उतरने से कम से कम 22 यात्रियों की मौत हो गई और 87 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
22 यात्रियों की मौत , 87 अन्य घायल
अधिकारियों के अनुसार, सरकारी इस्लामिक रिपब्लिक रेलवे द्वारा संचालित ट्रेन तेहरान से लगभग 550 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व स्थित ताबास से यज़्द शहर जा रही थी और इस ट्रेन में 350 व्यक्ति सवार थे। अधिकारियों के अनुसार ट्रेन ताबास शहर के पास एक ‘एक्स्कवेटर’ (खुदाई करने वाली मशीन) से टकरा गई जिससे ‘एक्स्कवेटर’ और उसमें सवार व्यक्ति हवा में उछल गए।
सरकारी इरना समाचार एजेंसी ने आपात सेवा के अधिकारियों के हवाले से हताहतों के आंकड़े दिए।
अधिकारियों ने बताया कि एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर के साथ बचाव दल सुदूर इलाके में पहुंचे। उन्होंने कहा कि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनमें से कुछ लोगों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
यह दुर्घटना ताबास से 50 किलोमीटर दूर हुई।
खबर के अनुसार, दुर्घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार ट्रेन पटरी के पास एक ‘एक्स्कवेटर’ से टकरा गई। हालांकि यह तत्काल स्पष्ट नहीं है कि अंधेरे में खुदाई करने वाली मशीन ट्रेन पटरी के करीब क्यों खड़ी थी। एक अधिकारी ने कहा कि यह मशीन मरम्मत परियोजना का हिस्सा हो सकती है।
ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया और कहा कि इसके कारणों की जांच की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



