संयुक्त राष्ट्र : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ में कसीदे पढ़े और उनकी तुलना अमेरिका के दिग्गज रॉकस्टार एल्विस प्रिस्ले से की।
‘‘हाउडी, मोदी’’ कार्यक्रम में अपने अनुभव के बारे में पूछे जाने पर ट्रम्प ने पत्रकारों से कहा, ‘‘वे आपके प्रधानमंत्री को प्यार करते हैं और यह अच्छी बात है।’’ ह्यूस्टन में रविवार को हुए इस कार्यक्रम में रिकॉर्ड 50,000 भारतीय-अमेरिकी लोग शामिल हुए।
मोदी के साथ मंच साझा करने वाले ट्रम्प ने कहा, ‘‘वे मेरे दाहिने ओर बैठे इस सज्जन को प्यार करते हैं। लोगों में उनके लिए जुनून था, वह एल्विस की तरह हैं। ऐसा लगा जैसे एल्विस प्रिस्ले वापस आ गए।’’
एल्विस अमेरिकी गायक और अभिनेता थे। उन्हें 20वीं सदी की सबसे प्रमुख सांस्कृतिक शख्सियतों में से एक माना जाता है। उन्हें अक्सर ‘किंग ऑफ रॉक एंड रोल’ भी कहा जाता है।
ट्रम्प ने कहा, ‘‘मुझे याद है कि पहले भारत को काफी बदहाल बताया जाता था। वहां काफी मतभेद और अंदरुनी झगड़े थे। उन्होंने सबको एकजुट किया, जैसे कोई पिता करता है। शायद वह भारत के पिता हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



