हनोई : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी एशिया यात्रा के दौरान आज कई ट्वीट करके अपने विरोधियों की निंदा की और कहा कि अमेरिका-रूस संबंधों को लेकर उनके आलोचक और मूर्ख लोग राजनीति कर रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि वह उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन को कभी भी छोटा और मोटा नहीं कहेंगे। एशिया में पांच देशों के दौरे पर आए अमेरिकी राष्ट्रपति वाशिंगटन से यहां आने के दौरान ट्विटर पर ज्यादातर शांत थे, लेकिन हनोई में आधिकारिक स्वागत समारोह से पहले उन्होंने कई ट्वीट किए।
उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अपने संबंधों, चीन द्वारा प्योंगयांग के परमाणु कार्यक्रम रोकने के प्रयासों सहित उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन को लेकर एक व्यंज्ञात्मक ट्वीट किया है। रूसी नेता के साथ करीबी कामकाजी संबंध बनाने के प्रयासों की आलोचना करने वाले विरोधियों की ट्रंप ने निंदा की है।
राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, नफरत करने वाले और मूर्ख लोगों को कब एहसास होगा कि रूस के साथ अच्छे संबंध अच्छी बात है न कि गलत।
उन्होंने कहा, हमेशा राजनीति करना हमारे देश के लिए बुरा है। मैं उत्तर कोरिया, सीरिया, उक्रेन, आतंकवाद के मुद्दों को सुलझाना चाहता हूं और रूस इसमें बड़ मदद कर सकता है। ट्रंप द्वारा किया गया ट्वीट उत्तर कोरिया और इसके परमाणु हथियारों की महत्वकांक्षाओं पर भी केंद्रित था।
उत्तर कोरिया के अधिकारियों और सरकारी मीडिया द्वारा उन्हें बूढ़ व्यक्ति कहे जाने के बाद ट्रंप इस टिप्पणी से आहत हो गए हैं और उन्होंने इस टिप्पणी को उत्तर कोरियाई नेता द्वारा की गयी निजी टिप्पणी के तौर पर लिया है। ट्रंप ने कहा, किम जोंग-उन ने क्यों मेरा अपमान बूढ़ कहकर किया जबकि मैं उन्हें कभी भी छोटा और मोटा नहीं कहूंगा। और हां, मैं उनका दोस्त बनने की काफी कोशिश करता हूं और संभव है कि ऐसा किसी दिन हो जाए।


Download Android App
Download iOS App


