अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को यूरोपीय संघ (ईयू) पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल पर जुर्माना लगाने से पता चलता है कि ईयू अमेरिका से बेजा फायदा उठा रहा है। ट्रंप ने ट्वीट कर कहा, ‘यूरोपीय संघ ने हमारी बेहतरीन कंपनियों में से एक गूगल पर पांच अरब डॉलर का जुर्माना लगाया है। वे पूरी तरह से अमेरिका से बेजा लाभ ले रहे हैं लेकिन वे अधिक समय तक ऐसा नहीं कर पाएंगे।’ ट्रंप ने कहा, ‘मैंने आपको बताया था।’ ट्रंप ने व्यापार घाटे और रक्षा खपत को लेकर ब्रसेल्स में दिए अपने कटु बयान का हवाला देते हुए यह बात कही।
गौरतलब है कि यूरोपीय आयोग ने बुधवार को गूगल पर ईयू के प्रतिस्पर्धी नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए 4.3 अरब यूरो यानी लगभग पांच अरब डॉलर का जुर्माना लगाया था। गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने इस फैसले के खिलाफ अदालत में अपील करने की बात कही है। ट्रंप का यह बयान यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष जीन क्लॉड जंकर के 25 जुलाई को अमेरिीक दौरे से पहले आया है। व्हाइट हाउस ने कहा कि ट्रंप और जंकर ट्रांस अटलांटिक व्यापार पर ध्यान केंद्रित करेंगे और मजबूत आर्थिक साझेदारी का निर्माण करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



