वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक पोर्न स्टार के साथ संबंध होने के आरोपों पर आज दो महीने बाद चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि उन्होंने अभिनेत्री को 130,000 डॉलर नहीं दिये थे । ट्रंप से यह पूछा गया कि क्या वह 2016 के चुनाव से पहले उनके वकील द्वारा किए गए भुगतान के बारे में जानते हैं, तो इस पर उन्होंने ‘‘ना’’ में जवाब दिया।
अभिनेत्री स्टेफनी क्लिफोर्ड ने दावा किया कि एक दशक से भी अधिक समय पहले ट्रंप के साथ संबंधों को छिपाने के लिए उसे धनराशि दी गई थी। लंबे समय से ट्रंप के वकील रहे माइकल कोहेन ने भुगतान करने की बात स्वीकार की थी लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया था कि भुगतान किस लिए किया गया। उन्होंने क्लिफोर्ड पर खुलासा ना करने वाले एक समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
ट्रंप ने कहा कि वह नहीं जानते कि कोहेन ने भुगतान क्यों किया। उन्होंने कहा, ‘‘आपको माइकल कोहेन से पूछना चाहिए। माइकल मेरे वकील हैं। आपको माइकल से पूछना होगा।’’ यह पूछने पर कि क्या वह जानते हैं कि धनराशि कहां से आयी, इस पर ट्रंप ने एयरफोर्स वन में संवाददाताओं से कहा, ‘‘नहीं, मैं नहीं जानता।’’ बहरहाल, अभिनेत्री के वकील ने तुरंत इस दावे को खारिज कर दिया।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



