‘अब होर्मुज हमारे कंट्रोल में है, तो इसका नाम ट्रंप स्ट्रेट कर दिया जाए? अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान से मची हलचल

Summary :

Trump Strait Hormuz Name Change: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य का नाम बदलकर ‘ट्रंप स्ट्रेट’ रखने का सवाल उठाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में इसे अमेरिका के नियंत्रण में बताया। होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का अहम समुद्री मार्ग है, इसलिए ट्रंप के बयान से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।

Trump Strait Hormuz Name Change:  अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर सोशल मीडिया पर एक ऐसा बयान दिया है, जिसने चर्चा तेज कर दी है। ट्रंप ने सवाल किया है कि अगर होर्मुज स्ट्रेट अब अमेरिका के नियंत्रण में है, तो क्या इसका नाम बदलकर ‘TRUMP STRAIT’ यानी ‘ट्रंप स्ट्रेट’ कर देना चाहिए? डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में होर्मुज जलडमरूमध्य का नाम बदलने का सुझाव देते हुए सवाल पूछा।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य अब अमेरिका के नियंत्रण में है, तो क्या इसका नाम बदलकर ‘TRUMP STRAIT’ कर देना चाहिए? उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अमेरिका की तरह यह जलडमरूमध्य भी पहले से ज्यादा ‘हॉट’ यानी चर्चा में रहेगा। साथ ही, ट्रंप ने इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद भी दिया।

दुनिया के लिए क्यों अहम है Strait of Hormuz?

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है। यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और आगे अरब सागर से जोड़ता है। इस समुद्री मार्ग का महत्व इसलिए भी बहुत ज्यादा है क्योंकि खाड़ी क्षेत्र से निकलने वाले तेल और गैस की बड़ी मात्रा इसी रास्ते से दुनिया के अलग-अलग देशों तक पहुंचती है। ऐसे में यहां किसी भी तरह का तनाव या रुकावट अंतरराष्ट्रीय बाजार पर सीधा असर डाल सकती है।

होर्मुज स्ट्रेट में तनाव बढ़ने की स्थिति में तेल और गैस की सप्लाई पर असर पड़ने की आशंका रहती है। इसका असर केवल खाड़ी देशों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दुनिया के कई देशों में ईंधन की कीमतों और ऊर्जा बाजार पर भी पड़ सकता है। इसी वजह से अमेरिका, खाड़ी देशों और दुनिया की अन्य बड़ी शक्तियों के लिए यह समुद्री रास्ता रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

अमेरिका की भूमिका को लेकर बढ़ी चर्चा

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और उसके आसपास अमेरिका की भूमिका को लेकर लगातार घटनाक्रम सामने आ रहे हैं। इसी बीच ट्रंप ने अपने पोस्ट में दावा किया कि यह क्षेत्र अब अमेरिका के नियंत्रण में है और इसी आधार पर इसके नाम को बदलने का सवाल उठाया।

लेकिन, उनके बयान में नाम बदलने को लेकर कोई आधिकारिक प्रक्रिया या औपचारिक फैसला सामने नहीं आया है। फिलहाल यह ट्रंप की ओर से सोशल मीडिया पर दिया गया एक राजनीतिक और प्रतीकात्मक सुझाव है।

यह भी पढ़ें: भारत-न्यू साउथ वेल्स संबंधों को मिलेगी नई ऊंचाई, महाराष्ट्र के साथ 90 दिन में व्यापार विस्तार समझौते का लक्ष्य: प्रीमियर मिन्स

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।