प्रधानमंत्री मोदी का सपना पूरा कर रहे एफपीओ: नरेंद्र सिंह तोमर

Summary :

भोपाल, 3 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि किसानों को उत्पादक से निर्यातक बनाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है, जिसे किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) पूरा कर रहे हैं। फार्मर्स कंसोर्टियम फॉर एग्रीकल्चर एंड अलायड सेक्टर (एफएमसीएएस) के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के उद्घाटन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि किसान अपनी उपज पैदा करे, लेकिन उसके मूल्य का बड़ा हिस्सा किसी और के पास चला जाए, यह व्यवस्था टिकाऊ नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश के किसान उत्पादक से निर्यातक बनें। हमारे देश का किसान…

भोपाल, 3 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि किसानों को उत्पादक से निर्यातक बनाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है, जिसे किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) पूरा कर रहे हैं।

फार्मर्स कंसोर्टियम फॉर एग्रीकल्चर एंड अलायड सेक्टर (एफएमसीएएस) के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के उद्घाटन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि किसान अपनी उपज पैदा करे, लेकिन उसके मूल्य का बड़ा हिस्सा किसी और के पास चला जाए, यह व्यवस्था टिकाऊ नहीं है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश के किसान उत्पादक से निर्यातक बनें। हमारे देश का किसान मेहनत करता है, उत्पादन करता है, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती उत्पादन नहीं, बल्कि उत्पाद का उचित मूल्य, बाजार तक सीधी पहुंच, भंडारण, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और व्यापारिक क्षमता रही है। एफपीओ आज किसानों की दशा बदलने में महत्वपूर्ण आयाम साबित हो रहे हैं। ऐसे संगठित प्रयासों से ही किसानों की आय कई गुना बढ़ने का लक्ष्य भी पूर्ण होगा।

उन्होंने अपने केंद्रीय कृषि मंत्री के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि कुछ वर्ष पूर्व जब मुझे केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री के रूप में देश के कृषि क्षेत्र के लिए कार्य करने का अवसर मिला, उस समय किसानों की आय, उनकी बाजार तक पहुंच और उनकी सामूहिक शक्ति को लेकर लगातार विचार-विमर्श हो रहा था। हमने यह महसूस किया कि यदि किसान अकेले बाजार में जाएगा तो उसकी उत्पाद बेचने की क्षमता सीमित रहेगी, लेकिन यदि वही किसान संगठित होकर अपनी उपज का संग्रह करे, उसका प्रसंस्करण करे, ब्रांड बनाए और बाजार में सामूहिक रूप से उतरे, तो उसकी शक्ति कई गुना बढ़ सकती है। इसी सोच के साथ देश में एफपीओ को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़े अभियान की शुरुआत हुई थी।

तोमर ने कहा कि आज देश में बड़ी संख्या में एफपीओ का गठन हो चुका है। यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। अब हमारे सामने लक्ष्य है कि एफपीओ टिकाऊ और व्यापार समर्थ बन जाएं। इस दिशा में कार्य कर हम प्रधानमंत्री मोदी का देश के किसानों के निर्यातक बन जाने का सपना पूरा कर सकेंगे।

–आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.