अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसी सप्ताह अपने प्रतिद्वंदी जो बाइडेन के साथ बहस में शामिल होने की पुष्टि की है। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों के बीच होने वाली बहस के लिए नियमों में किए गए ‘अनुचित’ बदलावों को लेकर आपत्ति जतायी थी।
बाइडेन डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं। रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी के उनके प्रतिद्वंदी जो बाइडेन के बीच अंतिम बहस 22 अक्टूबर को टेनेसी के नैशविले में बेलमोंट विश्वविद्यालय में होने वाली है। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवारों के बीच अंतिम बहस से पहले बहस संचालित करने वाले आयोग (सीपीडी) ने नए नियमों की घोषणा की है।
इनके तहत प्रतिद्वंदी वक्ताओं के माइक्रोफोन 2 मिनट के लिए बंद कर दिए जाएंगे ताकि अपना पक्ष रखने जा रहा उम्मीदवार अपनी बात की शुरुआत निर्बाध तरीके से कर सके। ट्रंप ने ‘एयर फोर्स वन’ में सोमवार को कहा, मैं भाग लूंगा, मुझे लगता है कि यह काफी अनुचित है।
ट्रंप ने कहा, मैं भाग लूंगा, लेकिन यह काफी अनुचित है कि उन्होंने विषयों को बदल दिया और यह भी बहुत अनुचित है कि फिर से हमारे सामने पूरी तरह से पक्षपाती ‘एंकर’ होंगे। ट्रंप बहस के नियमों में बदलाव के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे। ट्रंप के अभियान प्रबंधक बिल स्टीफ़न ने सोमवार को सीपीडी को एक पत्र लिख कर नए विषयों को लेकर चिंता जतायी।


Download Android App
Download iOS App



