यूनेस्को की महानिदेशक ऑद्रे जुऑले ने सोमालिया की राजधानी मोगादिशू में कार बम विस्फोट की निंदा की है और अस्थिर देश में मीडिया की बेहतर सुरक्षा का आग्रह किया है। बीते महीने हुए कार बम विस्फोट में एक जाने-माने टीवी रिपोर्टर व 13 लोगों की मौत हो गई थी। इस हमले में मारे गए टीवी रिपोर्टर, उनके ड्राइवर व दो अंगरक्षकों का जिक्र करते हुए ऑद्रे जुऑले ने कहा, ‘मैं अविल दाहिर सलद, अबदिकादिर हसन यूसुफ, मोहम्मद दुबद गजाव और इब्राहिम मोहायादिन की हत्या की निंदा करती हूं।’ उन्होंने कहा, ‘इन भयावह मौतों पर तुरंत कार्रवाई करने की जरूरत है। पत्रकारों और मीडियाकर्मियों की सुरक्षा सुधारने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए।
विवाद के समाधान व पुनर्निर्माण के लिए सार्वजनिक बहस में मीडिया का योगदान जरूरी है।’ लंदन स्थित यूनिवर्सल टीवी नेटवर्क के लोकप्रिय टॉक शो के मेजबान अविल दाहिर सलद व उनके तीन सहयोगी कर्मचारी व कई सैनिकों सहित दस अन्य लोगों की सोमालिया के राष्ट्रपति भवन के नजदीक एक सैन्य जांच चौकी के पास कार बम विस्फोट में मौत हो गई थी। यह विस्फोट 22 दिसंबर को हुआ था। अल कायदा से जुड़े अल शबाब ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।


Download Android App
Download iOS App



