दक्षिण चीन सागर में फिलीपीन के पास हाल में बीजिंग द्वारा ‘‘मिलिशिया नौकाएं’’ तैनात किए जाने पर अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने अपने फिलीपीनी समकक्ष के साथ शनिवार को चर्चा की। अंतरराष्ट्रीय यात्रा के तहत वाशिंगटन से इजराइल जा रहे ऑस्टिन ने विमान से ही फिलीपीन के रक्षा मंत्री डेल्फिन लॉरेंजाना को फोन किया। पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन किर्बी ने कहा कि ऑस्टिन और लॉरेंजाना ने दक्षिण चीन सागर में स्थिति और व्हिटसुन रीफ पर चीनी नौकाओं के एकत्र होने पर चर्चा की।
फिलीपीन ने चीन के कदम की आलोचना की है। बहरहाल, चीन ने कहा है कि उसकी नौकाएं मछली पकड़ने के लिए वहां तैनात हैं। किर्बी ने कहा कि फोन पर हुई बातचीत में ऑस्टिन ने रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के लिए लॉरेंजाना के समक्ष कई कदमों का प्रस्ताव रखा जिसमें दक्षिण चीन सागर में खतरों के बारे में जागरूकता बढ़ाना भी शामिल है। उन्होंने इस हफ्ते की शुरुआत में कहा था कि अमेरिका का विमानवाहक जहाज ‘यूएसएस थ्योडोर रूजवेल्ट’ और इसका लड़ाकू समूह दक्षिण चीन सागर में तैनात है।


Download Android App
Download iOS App



