अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड जे ऑस्टिन ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और हिंद-प्रशांत क्षेत्र और उससे इतर शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी को और बढ़ाने के लिए अपने देश की ओर से मजबूत इच्छा व्यक्त की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि बैठक के दौरान मोदी ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी के लिए अपने दृष्टिकोण को रेखांकित किया और भारत-अमेरिका संबंधों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने ऑस्टिन को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन को उनकी ओर से शुभकामनाएं देने को कहा।
इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच मजबूत और घनिष्ठ संबंधों का स्वागत किया जो लोकतंत्र, बहुलवाद और नियमों पर आधारित साझा मूल्यों पर आधारित है।
बयान में कहा गया है, ‘‘ऑस्टिन ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को मजबूत करने के लिए अमेरिकी सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र और उससे इतर शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाने के लिए इच्छा व्यक्त की।’’
बाइडन प्रशासन के किसी शीर्ष मंत्री की प्रथम यात्रा के तहत अमेरिकी रक्षा मंत्री ऑस्टिन तीन दिनों के दौरे पर शुक्रवार को भारत पहुंचे। उनके आने का उद्देश्य हिंद-प्रशांत सहित क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य आक्रमकता के मद्देनजर द्विपक्षीय रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों को और मजबूत करना है।


Download Android App
Download iOS App



