केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस भारत की सबसे ज्यादा सांप्रदायिक पार्टी है और भ्रष्टाचार ने इसके गर्भ से जन्म लिया है।
गुवाहाटी में संवाददाता सम्मेलन में तोमर ने कहा कि कांग्रेस ने असम, पश्चिम बंगाल और केरल में “सांप्रदायिक शक्तियों” के साथ हाथ मिलाया है।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा, “मैं आपको बता रहा हूं कि भारत में भ्रष्टाचार कांग्रेस के गर्भ से पैदा हुआ था और इस देश की मिट्टी में कांग्रेस से अधिक सांप्रदायिक कोई अन्य राजनीतिक पार्टी नहीं है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक तरफ पंथनिरपेक्षता की बात करती है और दूसरी तरफ लोगों को आपस में लड़वाती है।
तोमर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं के विरोध करने के बावजूद पश्चिम बंगाल में एक सांप्रदायिक दल के साथ चुनावी गठबंधन किया है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में माकपा नीत वाम मोर्चा, कांग्रेस और हाल ही में बनी पार्टी इंडियन सेकुलर फ्रंट ने गठबंधन किया है।
तोमर ने कहा, “कांग्रेस ने (केरल में) मुस्लिम लीग के साथ भी गठबंधन किया है। असम में उसने (एआईयूडीएफ अध्यक्ष) बदरुद्दीन अजमल के साथ हाथ मिलाया है, जो सांप्रदायिकता का दूसरा नाम है।”
असम में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार करने आए तोमर ने कहा कि कांग्रेस पंथनिरपेक्षता के बारे में बात करने का अधिकार खो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



