वाशिंगटन : अमेरिका के शीर्ष खुफिया प्रमुखों ने रूस से संबंधित होने के कारण वैश्विक साइबर सिक्योरिटी कंपनी ‘कैस्परस्की लैब्स’ पर सार्वजनिक तौर पर संदेह जताया है। खुफिया विभाग के छह प्रमुख अधिकारियों ने अमेरिका को बाह्य खतरों पर कल सीनेट की सुनवाई के दौरान किसी विशेष खतरे का उल्लेख किये बगैर कंपनी की व्यापक उपस्थिति को लेकर अपनी चिंताओं के बारे में बताया।
संघीय जांच ब्यूरो के कार्यवाहक निदेशक एंड्रयू मैक्काबे से जब यह पूछा गया कि क्या उन्हें कैस्परस्की साफ्टवेयर से संबंधित सुरक्षा खतरे की जानकारी है, तो उन्होंने कहा, ”हम इसके बारे में बहुत चिंतित हैं और इस पर बारीकी से नजर रखे हुये हैं।” रक्षा खुफिया एजेंसी के निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विन्सेंट स्टीवर्ट ने कहा कि उनकी एजेंसी इस कंपनी के उत्पाद प्रयोग करने से बचती है। उन्होंने कहा, ”जहां तक मुझे जानकारी है, हमारे नेटवर्क में कैस्परस्की साफ्टवेयर कंपनी के उत्पाद नहीं हैं।” उन्होंने बताया कि एजेंसी के निजी क्षेत्र के ठेकेदार भी इस कंपनी के उत्पाद प्रयोग नहीं करते हैं।
(एएफपी)


Download Android App
Download iOS App



